Australia T20 Squad : टी20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्रारंभिक टीम का ऐलान, इंजर्ड खिलाड़ियों को भी टीम में जगह

टी20 विश्व कप 2026: मिशेल मार्श की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआती टीम घोषित
टी20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्रारंभिक टीम का ऐलान, इंजर्ड खिलाड़ियों को भी टीम में जगह

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मिशेल मार्श की कप्तानी में 15 सदस्यीय प्रारंभिक ऑस्ट्रेलियाई टीम की घोषणा कर दी है। इंजरी से जूझ रहे टिम डेविड, जोश हेजलवुड और वनडे-टेस्ट फॉर्मेट के कप्तान पैट कमिंस को भी टीम में जगह दी गई है।

टी20 विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया टिम डेविड और जोश हेजलवुड जैसे खिलाड़ियों की इंजरी से जूझ रही है। टिम डेविड बिग बैश लीग के दौरान इंजर्ड हो गए थे, जबकि जोश हेजलवुड एड़ी की चोट से परेशान हैं।

पैट कमिंस भी पीठ की किसी भी समस्या से बचने के लिए क्रिकेट से दूरी बनाए हुए हैं। इसके बावजूद इन तीनों को टीम में रखा गया है। चयनकर्ताओं का मानना है कि तीनों खिलाड़ी विश्व कप शुरू होने से पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगे।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने कहा कि इंजर्ड खिलाड़ी टी20 विश्व कप तक पूरी तरह फीट हो जाएंगे। इन खिलाड़ियों की वजह से टीम की ताकत और गहराई बढ़ गई है। यह एक प्रारंभिक टीम है, इसलिए अंतिम घोषणा से पहले परिस्थितियों के आधार पर कुछ आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं।

विश्व कप का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो रहा है। दोनों देशों की पिच स्पिनरों के अनुकूल मानी जाती है। इस वजह से टीम में एडम जम्पा और मैथ्यू कुहनेमन जैसे दो विशेषज्ञ स्पिनरों को रखा गया है। इसके अलावा मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, कैमरन ग्रीन और युवा कूपर कॉनली जैसे अनुभवी और युवा ऑलराउंडर भी टीम में हैं। जोश इंग्लिस को टीम में एकमात्र विकेटकीपर के रूप में जगह मिली है।

विश्व कप की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है। ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप बी में श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे और ओमान के साथ रखा गया है।

टी20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्रारंभिक टीम

मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, पैट कमिंस, टिम डेविड, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम जम्पाा।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...