बालाघाट, 5 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश स्थित बालाघाट के बैहर-बिरसा क्षेत्र में मलेरिया और मौसमी बीमारियों से हुई तीस बच्चों की मौत पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने दुख जताया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बालाघाट, मध्य प्रदेश में 30 आदिवासी बच्चों की मृत्यु की खबर बेहद चिंताजनक और पीड़ादायक है। इस घातक बीमारी के साथ पीने के पानी, पोषण, और समय पर इलाज जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बच्चों की जान ले रहा है।
उन्होंने कहा कि ये सरकार की पूर्ण विफलता है। मुख्यमंत्री स्वयं इसका समाधान करें और क्षेत्र में तत्काल जांच, इलाज और राहत उपलब्ध कराएं। बच्चों की जिंदगी से समझौता नहीं हो सकता।
बैगा आदिवासी ग्राम अतरिया आरामटोला निवासी 10 वर्षीय गजेंद्र मरकाम की गुरुवार 3 सितंबर को मौत हो गई थी। शुरुआती जानकारी में बच्चे की तबीयत खराब होने और मलेरिया से पीड़ित होनी की बात सामने आई थी। हालांकि मौत के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही होगी। इसके साथ ही क्षेत्र में मृतकों की संख्या 29 से बढ़कर 30 हो गई है।
आदिवासी बाहुल्य इस क्षेत्र में लगातार हो रही मौतों की वजह से ग्रामीणों के बीच खौफ का माहौल है। वहीं, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतक बच्चों के परिजनों के दो-दो लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा की राज्य सरकार के हालात संभालने के तरीके पर निशाना साधा है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार मौतों के बारे में तथ्य छिपा रही है और मरने वालों की असल संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है।
बिरसा ब्लॉक के कुंडेक्सा, कोरका और बोंडारी गांवों में घर-घर जाकर किए गए हेल्थ सर्वे में मलेरिया, दस्त, रैशेज (चकत्ते) के साथ बुखार और त्वचा की बीमारियों के कुल 798 मामले सामने आए। रविवार तक की सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, 320 लोग मलेरिया, 155 दस्त, 146 शरीर पर रैशेज के साथ बुखार और 177 त्वचा की बीमारियों से पीड़ित पाए गए।
पहचाने गए 798 मरीजों में से 569 का इलाज घर पर किया गया, जबकि 229 को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भर्ती लोगों में से 201 ठीक होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 28 का इलाज अभी भी चल रहा है।
तीनों गांवों में घर-घर जाकर हेल्थ सर्वे और इलाज का काम जारी है। हेल्थ टीमें निगरानी रख रही हैं और जरूरत पड़ने पर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था कर रही हैं।
बीमारियों का सही कारण अभी तक पक्के तौर पर पता नहीं चल पाया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने मलेरिया जैसे बुखार और त्वचा के संक्रमण के साथ-साथ पोषण की कमी सहित कई तरह के संक्रमणों से जुड़े लक्षणों की जानकारी दी है।
--आईएएनएस
एमएस/







