Virendra Singh Statement : हर हिंदू के दिल में भगवान राम बसते हैं: वीरेंद्र सिंह

राम मंदिर दर्शन पर विपक्षी आरोपों का सपा सांसद ने किया बचाव
हर हिंदू के दिल में भगवान राम बसते हैं: वीरेंद्र सिंह

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद वीरेंद्र सिंह ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन न करने पर विपक्ष के आरोपों पर बचाव करते हुए कहा कि हर हिंदू के दिलों में भगवान राम बसते हैं।

 

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में सपा सांसद ने कहा कि हर घर में जो हिंदू धर्मावलंबी हैं, उनके घर में भगवान राम की प्रतिमा होगी। यह एक आस्था का सवाल है। हर हिंदू राम के प्रति आस्था रखता है। आस्था दिखावा नहीं है। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या केवल अयोध्या में ही राम जी विराजते हैं या हर उस आस्थावान जगह पर विराजमान होते हैं, जहां प्रेम से गरीब समाज के लोग, अमीर समाज के लोग उनकी पूजा-अर्चना करते हैं? तो इसलिए केवल भीड़ बढ़ाने के लिए और वहां एक धार्मिकता का माहौल सेट करने के लिए अगर इस तरीके की मंशा है, तो यह बात अलग है। लेकिन जहां आस्था का सवाल है, हर हिंदू के दिल में भगवान राम बसते हैं।

एक्ट्रेस नुसरत भरूचा द्वारा महाकाल के दर्शन करने पर मौलाना शाहबुद्दीन द्वारा इसे इस्लाम के खिलाफ बताने पर सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि हर धार्मिक मामले में सबके अपने-अपने तरीके हैं। यह धर्म सर्वधर्म समभाव है। क्या हिंदू समाज के लोग मजारों पर, मस्जिदों में दुआ मांगने के लिए नहीं जाते हैं? जब कोई किसी कठिनाई में पड़ता है, तो जहां उसे आस्था होती है, जहां उसे लगता है कि ईश्वर की कृपा हो जाएगी, वहां जाता है। ऐसी स्थिति में हिंदू भी मुस्लिम मजारों पर जाता है, दरगाहों पर जाता है। उसी तरीके से मुस्लिम समाज के लोग भी हिंदू के बने हुए मंदिरों में महाकाल जैसे या भगवान राम के मंदिर या भगवान शंकर के मंदिर जाकर दर्शन-पूजन करते हैं।

सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के बयान ‘चुनाव आते ही, दुशासन और दुर्योधन दिखने लगते हैं’ पर कहा कि यह ममता बनर्जी के अपने विचार होंगे। देश में निश्चित रूप से जो हमारे महापुराण हैं, ग्रंथ हैं, उनके कैरेक्टर विभिन्न लोगों पर दिखाई देते होंगे। इसलिए उन्होंने ऐसी बात कही होगी।

--आईएएनएस

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...