Advertisement banner

वाराणसी में सीएम योगी का सपा पर निशाना, बोले- 2017 से पहले हड़प लिया जाता था बाढ़ राहत का पैसा

वाराणसी

वाराणसी, 5 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर आरोप लगाया कि 2017 से पहले उसकी सरकार के दौरान बाढ़ राहत के लिए भेजा गया पैसा हड़प लिया जाता था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित करने के लिए वाराणसी पहुंचे थे, जहां उन्होंने जिले के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "आज जो राहत सामग्री हम बांट रहे हैं, वह 2017 से पहले उपलब्ध नहीं थी। उस समय सिर्फ सूखी रोटी मिलती थी। न गर्म भोजन मिलता था, न राशन, न दूध और न ही डिग्निटी किट।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आपदा राहत कोष से भेजे गए धन का उपयोग सभी व्यवस्थाएं करने और राहत सामग्री वितरित करने में किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले यही पैसा समाजवादी पार्टी ले जाती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा, "वे (समाजवादी पार्टी) गरीबों सहित सभी का पैसा खा जाते थे।" उन्होंने यह भी कहा कि बाढ़ से जिन किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है, उनका सर्वे कराया जा रहा है और उन्हें उचित मुआवजा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ का पानी जमा होने से पैदा होने वाली कीड़े-मकोड़ों और जहरीले जीव-जंतुओं की समस्या, मकानों के गिरने और आकाशीय बिजली गिरने जैसी घटनाओं को भी राहत उपायों में शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा, "डूबने, आकाशीय बिजली गिरने या खेत में काम करते समय मौत होने की स्थिति में प्रभावित परिवार को 24 घंटे के भीतर 4 लाख रुपए की सहायता देने की व्यवस्था की गई है।"

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "यदि किसी गरीब परिवार का घर गिर जाता है, डूब जाता है या आग से नष्ट हो जाता है तो उसे तुरंत प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर स्वीकृत किया जाएगा।"

सीएम योगी ने पूर्व समाजवादी पार्टी सरकार पर तंज कसते हुए कहा, "जब अच्छी सरकार आती है तो अच्छी योजनाएं लाती है और लूट पर रोक लगाती है। वह गरीबों के अधिकार सुनिश्चित करने के लिए काम करती है और किसी के साथ भेदभाव नहीं करती।"

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर मैं जिले की स्थिति का जायजा लेने यहां आया हूं।"

मुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ से विस्थापित लोगों के लिए राहत शिविर लगाए गए हैं। इसके अलावा प्रभावित क्षेत्रों में 48 नौकाओं के साथ एनडीआरएफ, पीएसी और जल पुलिस की टीमें 24 घंटे तैनात रखी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी में बाढ़ की स्थिति के बीच बीमार पड़ने वाले लोगों के लिए मेडिकल कैंप भी लगाए जा रहे हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी