लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) नेता रविदास मेहरोत्रा ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की टीएमसी एक बार फिर सरकार बनाएगी।
सपा नेता यह बयान उस वक्त आया है, जब हाल ही में ईडी की ओर से कोलकाता में आईपैक पर छापा मारा गया था। इस दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ईडी की रेड का विरोध जताया और पुलिस बल के साथ रेड वाली जगह पहुंची, वहां से जरूरी दस्तावेज साथ ले आई। ममता बनर्जी और ईडी का यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा तो वहां भी सरकार को फटकार ही लगी।
सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई को लेकर सपा नेता ने कहा कि हम कोर्ट का सम्मान करते हैं और आगे जो भी फैसला आएगा हम स्वागत के लिए तैयार हैं।
सपा नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने ईडी की छापेमारी की। जब भी भाजपा कहीं चुनाव हारती है, तो वह विपक्षी नेताओं पर झूठे मामले दर्ज करवाने या छापे मारने के लिए ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग का दुरुपयोग करती है। इसी तरह पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को भी निशाना बनाया गया था। ममता बनर्जी के यहां छापेमारी का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं।
उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी जीतेगी, फिर से सरकार बनाएगी और ममता बनर्जी फिर एक बार मुख्यमंत्री बनेंगी।
बीएमसी चुनाव के नतीजों पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता ने कहा कि अगर विपक्षी दल एकजुट होकर चुनाव लड़ते, तो नतीजे बिल्कुल उलट होते। भाजपा ने चुनाव में भारी मात्रा में धन का इस्तेमाल किया और विभिन्न प्रशासनिक संसाधनों का लाभ उठाया। इसलिए महायुति गठबंधन को 118 सीटें मिलीं, जबकि विपक्ष को 87 सीटें ही हासिल हुईं। यदि विपक्ष एक साथ लड़ता, तो बीएमसी में स्पष्ट बहुमत विपक्ष के पक्ष में होता और मेयर भी विपक्षी दल से होता।