नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के तीसरे दिन भी एसआईआर समेत कई मुद्दों को लेकर विपक्ष का हंगामा जारी रहा। विपक्षी दलों के हंगामे पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष पर सदन में चर्चा से दूर भागने का आरोप लगाया और कहा कि इंडी गठबंधन ने लोकतंत्र को हुल्लड़, हंगामा और हुड़दंग तंत्र में बदल दिया है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, "इंडी गठबंधन ने लोकतंत्र को हुल्लड़, हंगामा और हुड़दंग तंत्र में बदल दिया है। 'इंडी ब्लॉक' अब 'हुल्लड़ ब्लॉक' बन गया है। लोकतंत्र को 'शोरतंत्र' में बदल रहे हैं। संसद के बाहर वे कहते हैं कि चर्चा होनी चाहिए, लेकिन वे सदन में बहस से भाग रहे हैं। ये पाखंड कर रहे हैं और चर्चा से भाग रहे हैं। मैंने कल हाथ जोड़कर विपक्ष से प्रार्थना की थी कि चर्चा होने दें। किसानों और गरीबों से संबंधित 11 प्रश्न थे, लेकिन विपक्ष भाग गया। पूरा देश और किसान भाई-बहन विपक्ष का ये दोहरा चरित्र देख रहे हैं। मैं किसानों और जनता से इंडी ब्लॉक के इस दोहरे मापदंड को देखने की अपील करता हूं।"






