अयोध्या, 31 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने हरियाणवी सिंगर और अभिनेता अंकित बालियान हत्याकांड में दो मुख्य शूटरों के एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि किन परिस्थितियों और हालात में पुलिस को एनकाउंटर करना पड़ा, यह जांच का विषय है।
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) के तहत किसी व्यक्ति के गंभीर से गंभीर अपराध में दोषी पाए जाने पर भी कानून के मुताबिक सजा का प्रावधान है। इसमें उम्रकैद से लेकर मृत्युदंड तक की सजा शामिल है। ऐसे में एनकाउंटर किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
बता दें कि हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटरों सुमित और मोहित को यूपी पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया। शामली एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शूटर बाइक से शामली से सोनीपत (हरियाणा) की तरफ भाग रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें घेर लिया, जिसके बाद शूटरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की तरफ से जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटर मारे गए।
उन्होंने देश में युवाओं की स्थिति और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों का मुद्दा भी उठाया। अवधेश प्रसाद ने कहा कि विश्वगुरु बनने की चाहत रखने से पहले देश के सभी सम्मानित नागरिकों के अधिकार और संवैधानिक हक सुनिश्चित किए जाने चाहिए। उन्होंने युवाओं को देश की सबसे बड़ी संपत्ति बताते हुए कहा कि आज युवा सबसे अधिक मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। किसी देश की असली दौलत सोना, चांदी या हीरे नहीं, बल्कि वहां के लोग, विशेषकर युवा होते हैं।
नेपाल में अचानक आई बाढ़ से हुई तबाही पर भी उन्होंने भारत सरकार से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नेपाल में फंसे या लापता सैकड़ों भारतीय नागरिकों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जाना चाहिए।
वहीं, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के ‘वन वर्ल्ड, वन ह्यूमैनिटी’ कार्यक्रम में हिंदू-मुस्लिम एकता संबंधी बयान पर प्रसाद ने कहा कि बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा तैयार संविधान और उसकी प्रस्तावना में सभी नागरिकों के अधिकार और सम्मान स्पष्ट रूप से सुनिश्चित किए गए हैं।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम







