जयपुर, 11 सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान के निकाय चुनाव के दूसरे चरण में ज्यादा वोटिंग सरकार पर जनता के भरोसे और विकास की मांग को दर्शाता है। उन्होंने गुजरात मॉडल का बचाव किया और एक देश एक चुनाव का समर्थन किया। इसके साथ ही ब्रिक्स समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की।
मदन राठौड़ ने कहा, "जनता में बहुत उत्साह है और जनता ने बहुत बढ़-चढ़कर मतदान किया है। पूरे राजस्थान में पहले और दूसरे चरण में भी उत्साह वाला वातावरण रहा। जनता विकास चाहती है। जनता अपने क्षेत्र को विकसित बनाना चाहती है। इसके लिए वो कड़ी से कड़ी जोड़ना चाहती है और उन्होंने मतदान किया है।"
उन्होंने आगे कहा कि न तो गुजरात में ऐसा हुआ है और न ही राजस्थान ऐसा कर रहा है। कांग्रेस का जैसा ही आचरण और व्यवहार रहा है, वह दूसरों के बारे में भी वैसा ही सोचती है। अशोक गहलोत आज गए, कल भी वह घर-घर, गली-गली घूम रहे थे। अपने इलाके में उन्हें क्या दिखाई नहीं देता? वे क्या बातें करते हैं?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम अपना गुजरात मॉडल लेकर विकास के नाम पर चुनाव लड़ते हैं। हमने गुजरात मॉडल को चुनाव में रखा, लेकिन हमने न गुजरात में कोई गलत काम किया और न ही राजस्थान में गलत काम कर रहे हैं। हमारे तमाम बड़े नेता जमीन पर उतरे, जिसका फायदा मिला है, क्योंकि बंपर वोटिंग हुई है। पहले कार्यकर्ताओं ने हमारे लिए पसीना बहाया और हमें जीत दिलाई। अब जब कार्यकर्ताओं का चुनाव है तो हम उसमें हिस्सा क्यों नहीं लेंगे? निश्चित तौर पर लेंगे, हम भी कार्यकर्ता ही हैं। जब छोटे कार्यकर्ता का छोटा चुनाव है, तो उस चुनाव में हम उसकी मदद क्यों नहीं करेंगे।
भाजपा नेता ने कहा कि कोई कितनी भी बुराई कर ले, लेकिन जब देश की ग्रोथ रेट बढ़ती है तो देश आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री मोदी के मैनेजमेंट की आज पूरी दुनिया में सराहना हो रही है। पूरी दुनिया में जहां ग्रोथ रेट गिर रही है, वहीं हिंदुस्तान की ग्रोथ रेट लगातार बढ़ रही है, यह बहुत बड़ी बात है।
भाजपा नेता ने कहा कि आज तो समाचार पत्रों में भी यह खबर है कि आने वाले समय में रुपया भी एक आधार बन सकता है। अभी हम डॉलर और दूसरे देशों की करेंसी से तुलना करते हैं, लेकिन भविष्य में रुपया भी एक मजबूत आधार बन सकता है। ब्रिक्स को लेकर उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि इतने सारे देश के राष्ट्राध्यक्ष यहां आ रहे हैं और हम सब एकजुट होकर आगे बढ़ रहे हैं। हिंदुस्तान द्वारा दिया गया 'वसुधैव कुटुंबकम' का संदेश पूरी दुनिया के लिए बहुत बड़ी बात है।
--आईएएनएस
केके/डीकेपी







