नोएडा, 21 अगस्त (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-1 पुलिस ने वाहन चोरी और मोबाइल फोन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक स्कूटी, स्नैचिंग/चोरी के दो मोबाइल फोन, चोरी की घटना से प्राप्त 1200 रुपए और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के आसपास के क्षेत्रों में घूम-घूमकर वाहन चोरी करता था और चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल मोबाइल फोन छीनने की वारदातों में करता था।
पुलिस के अनुसार 21 अगस्त 2026 को थाना फेस-1 पुलिस टीम ने सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले की पटरी के पास से आरोपी अमन सिंह पुत्र दिलीप सिंह, निवासी कल्याणपुरी, थाना कल्याणपुरी, दिल्ली, उम्र 22 वर्ष को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लाल रंग की स्कूटी बरामद हुई। जांच में सामने आया कि यह स्कूटी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके से चोरी की गई थी।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल स्नैचिंग की कई घटनाओं का खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि वह चोरी की स्कूटी और अन्य वाहनों को बदल-बदलकर मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं को अंजाम देता था। बरामद दो मोबाइल फोन में से एक रेडमी मोबाइल फोन 20 अगस्त 2026 को दिल्ली के कोंडली पुल के पास से छीना गया था, जबकि दूसरा मोबाइल फोन फेस-1 क्षेत्र की रेडलाइट, दिल्ली से छीना गया था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी बताया कि उसने सैमसंग मोबाइल फोन सेक्टर-2, नोएडा से छीना था। बाद में इस मोबाइल फोन को गाजीपुर मंडी के पास एक राह चलते व्यक्ति को करीब 4,000 रुपए में बेच दिया था। पुलिस ने इस रकम में से आरोपी के पास बचे 1,200 रुपए भी बरामद किए हैं। पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना फेस-1 नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग और बरामदगी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने में भी वाहन चोरी और चोरी के सामान की बरामदगी से संबंधित मुकदमा दर्ज बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का तरीका यह था कि वह पहले सुनसान या कम भीड़भाड़ वाले स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी करता था। इसके बाद चोरी किए गए वाहन से अलग-अलग इलाकों में घूमकर राह चलते लोगों को निशाना बनाता और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाता था। वारदात के बाद पुलिस की पकड़ से बचने के लिए वह वाहन बदल देता था। थाना फेस-1 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं, मोबाइल स्नैचिंग से संबंधित पूर्व में मामला दर्ज है। दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने में भी आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज बताया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी व स्नैचिंग की अतिरिक्त घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन और स्कूटी के संबंध में भी आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एमएस







