नई दिल्ली : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में रविवार को 28 घाटों पर आयोजित होगा ‘मां यमुना तट स्वच्छता अभियान’

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में रविवार को 28 घाटों पर आयोजित होगा ‘मां यमुना तट स्वच्छता अभियान’

नई दिल्ली, 13 जून (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार रविवार को यमुना नदी के 28 घाटों पर ‘मां यमुना तट स्वच्छता अभियान’ का आयोजन करेगी। ‘एक संकल्प-स्वच्छ यमुना’ के संदेश के साथ आयोजित होने वाला यह महाअभियान यमुना नदी को उसका गौरव लौटाने, नदी तटों को स्वच्छ बनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी को एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगा।

इस अभियान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गीता कॉलोनी घाट पर उपस्थित रहकर स्वच्छता अभियान का नेतृत्व करेंगी और हजारों नागरिकों के साथ श्रमदान कर स्वच्छ, निर्मल और जीवनदायिनी यमुना के संकल्प को मजबूत करेंगी। यह विशेष अभियान यमुना के घाटों पर सुबह 6 बजे से आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना केवल नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यावरणीय धरोहर है। यमुना का संरक्षण और उसकी स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व भी है। इसी सोच को जन-जन तक पहुंचाने और सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। यमुना की स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सतत जन-अभियान है, जिसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।

रविवार को यमुना के विभिन्न घाटों, तटों और रिवरफ्रंट क्षेत्रों में एक साथ स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान के अंतर्गत चिल्ला गांव घाट, निजामुद्दीन घाट, ठोकर नंबर-14 गीता कॉलोनी घाट, ठोकर नंबर-18 गांधी नगर घाट, पुराना लोहे पुल घाट, सिग्नेचर ब्रिज-वजीराबाद घाट (पूर्वी तट), डेढ़ पुश्ता घाट (सोनिया विहार), चौथा पुश्ता घाट (सोनिया विहार), कर्तव्य कुंज घाट (वेस्ट बैंक), आईटीओ ओल्ड रेलवे ब्रिज स्थित हाथी घाट, रामघाट, काली घाट, श्याम घाट, यमुना बैंक, यमुनेश्वर घाट, वजीराबाद यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क (दायां किनारा), रेलवे ब्रिज यमुना बैंक, आईटीओ डाउनस्ट्रीम वेस्टर्न बैंक-1, आईटीओ डाउनस्ट्रीम वेस्टर्न बैंक-2, आईटीओ अपस्ट्रीम राइट बैंक, सराय काले खां आर/बी, ठोकर नंबर-13, कुंडेरिया घाट, निगम बोध घाट, ईस्टर्न बैंक डाउनस्ट्रीम वजीराबाद और कालिंदी कुंज डाउनस्ट्रीम (ईस्टर्न बैंक) सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर एक साथ स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

इस महाअभियान में लगभग 500 सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और स्वयंसेवी संगठनों के साथ हजारों स्वयंसेवक व दिल्लीवासी भाग लेंगे। अभियान को व्यापक जनसमर्थन और जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए विभिन्न स्थलों पर दिल्ली के सांसद व कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे।

अभियान के दौरान नागरिकों को यमुना संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए यह संकल्प दिलाया जाएगा कि वे पूजा सामग्री, फूल-माला एवं मूर्तियों को नदी में प्रवाहित नहीं करेंगे, पॉलीथीन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करेंगे, पुराने कपड़े, कचरा एवं अन्य कचरा यमुना में नहीं फेंकेंगे, नदी तटों को स्वच्छ रखेंगे और अन्य लोगों को भी यमुना स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। अभियान का उद्देश्य केवल कचरा हटाना नहीं, बल्कि यमुना संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नदी पुनर्जीवन और जनभागीदारी आधारित विकास को नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री के ‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प और प्रकृति संरक्षण के विजन से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार यमुना के पुनरुद्धार को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है। यमुना की स्वच्छता केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी ‘मेरी यमुना, मेरा कर्तव्य’ अभियान के माध्यम से यमुना और उसके घाटों को स्वच्छ बनाने का व्यापक प्रयास किया गया था। उस अभियान में हजारों स्वयंसेवकों ने भाग लिया था और 12 टन से अधिक वेस्ट एकत्र कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया था। अभियान को मिले उत्साहजनक जनसमर्थन ने यह सिद्ध किया कि जब सरकार और समाज मिलकर कार्य करते हैं तो बड़े सकारात्मक परिवर्तन संभव होते हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम