नई दिल्ली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष एनआईए अदालत ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी को म्यांमार में कथित आतंकी प्रशिक्षण से जुड़े मामले में तिहाड़ जेल में बंद अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरोन वैन डाइक और यूक्रेनी नागरिक विक्टर कामिंस्की से पूछताछ करने की अनुमति दी।
अदालत ने एनआईए को 2-3 सितंबर को दोनों आरोपियों से तिहाड़ जेल के भीतर पूछताछ करने की इजाजत प्रदान की है। वर्तमान में मैथ्यू एरोन वैन डाइक और विक्टर कामिंस्की तिहाड़ जेल संख्या 8 और 9 में न्यायिक हिरासत में बंद हैं।
एनआईए ने अदालत में आवेदन देकर दोनों विदेशी नागरिकों से जेल में पूछताछ करने की अनुमति मांगी थी, जिसे विशेष अदालत ने स्वीकार कर लिया।
यह मामला म्यांमार में कथित आतंकी प्रशिक्षण गतिविधियों से जुड़ा है। एनआईए ने इस मामले में अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरोन वैन डाइक और यूक्रेनी नागरिक विक्टर कामिंस्की समेत कई विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था।
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी पर्यटक वीजा पर भारत आए थे। आरोप है कि ये लोग भारत आने के बाद मिजोरम पहुंचे और वहां से अवैध रूप से म्यांमार में प्रवेश कर गए। जांच में सामने आया है कि इनका संपर्क म्यांमार के कुछ जातीय सशस्त्र समूहों (एथनिक ग्रुप्स) से था।
एनआईए का आरोप है कि म्यांमार में इन लोगों ने आतंकी और उग्रवादी समूहों को हथियार चलाने तथा ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया। जांच एजेंसी का यह भी दावा है कि आरोपियों ने यूरोप से ड्रोन मंगवाए थे, जिनका इस्तेमाल प्रशिक्षण गतिविधियों में किया गया।
म्यांमार से भारत लौटने के बाद एनआईए ने कार्रवाई करते हुए इन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने अमेरिकी नागरिक मैथ्यू एरोन वैन डाइक को कोलकाता से पकड़ा। वहीं, तीन यूक्रेनी नागरिकों को दिल्ली और तीन अन्य यूक्रेनी नागरिकों को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था।
एनआईए अब अदालत से मिली अनुमति के आधार पर दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और कथित प्रशिक्षण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी जुटाएगी।
--आईएएनएस
एएमची/डीकेपी







