मुंबई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। बृहन्मुंबई पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की ओर से मुंबई और उपनगरों में ड्रग तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कांदिवली (पश्चिम) में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से बड़ी मात्रा में हेरोइन, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम को हेरोइन की तस्करी से जुड़ी एक अहम सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कांदिवली (पश्चिम) में बीएमसी गार्डन के सामने खजुरिया रोड के पास जाल बिछाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो लोगों को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 651 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने इसकी अनुमानित बाजार कीमत 3 करोड़ 25 लाख 50 हजार रुपए बताई है। इसके अलावा 2 लाख 10 हजार रुपए नकद, दो मोबाइल फोन और करीब 50,400 रुपए कीमत का अन्य सामान भी जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए सभी सामान की कुल कीमत 3 करोड़ 28 लाख 10 हजार 400 रुपए है।
इस मामले में कांदिवली पुलिस स्टेशन में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 (एनडीपीएस) की धारा 8(ए), 21(ए) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में हेरोइन की तस्करी से जुड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह की संभावित भूमिका सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आगे की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान ड्रग्स की सप्लाई कहां से हुई और इसे मुंबई में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती के मार्गदर्शन में तथा क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों अनिल कुंभारे, कृष्णकांत उपाध्याय, नवनाथ धवले और दिनकर शिलवाते की निगरानी में की गई।
कार्रवाई में वरिष्ठ निरीक्षक शशिकांत जगदाले, निरीक्षक विश्वास पाटिल, एसपी एन. दादासाहेब बनसोडे, एसपी एन. अमित पाटिल, निरीक्षक बालासाहेब शिंदे और उनकी टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
--आईएएनएस
एसएचके/एमएस







