चतरा, 17 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के जनपद चतरा में एक 24 वर्षीय युवक का शव कुएं से बरामद हुआ है। युवक बुधवार दोपहर को अपने घर से निकला था। फिलहाल, युवक का शव मिलने से इलाके में दहशत है।
यह मामला चतरा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड के पास की है। मृतक युवक की पहचान 24 वर्षीय सन्नी यादव के रूप में हुई है, जो किशनपुर मोहल्ले (वार्ड 22) का रहने वाला था। परिवार में माता-पिता के अलावा दो बहनें थीं।
मृतक के पिता भरत यादव ने बताया कि वह दोपहर में ही निकला था। पूछने पर उसने बताया कि वह जल्दी घर आ जाएगा। बुधवार रात को उसे 8 बजे कॉल किए गए, लेकिन उसका फोन नहीं लगा। सुबह ग्रामीणों ने बताया कि सनी यादव का शव कुआं में पड़ा हुआ है।
सन्नी के दोस्तों पर ही साजिश के तहत हत्या कर शव को कुएं में फेंकने का गंभीर आरोप लगा है।
इस घटना से करीब 6 महीने पहले सन्नी की चाची की भी संदिग्ध हालत में हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में आक्रोशित परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं थे, लेकिन एएसआई दुखी राम महतो के समझाने-बुझाने पर वे मान गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों के लिखित आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले, धनबाद के बलियापुर में ढांगी पहाड़ी की तलहटी के पास एक युवती का सिर कटा हुआ शव मिला था। 11 सितंबर को बलियापुर थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि ढांगी पहाड़ी की तलहटी के पास एक युवती का सिर कटा शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार युवती ने प्रेम विवाह किया था, जिससे उसके पति के पिता संतोष रवानी नाराज थे। आरोप है कि इसी नाराजगी में युवती को रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची गई और उसकी हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।
--आईएएनएस
डीसीएच/







