Advertisement banner

ईआईएल में एसोसिएट इंजीनियर बनने का अवसर, 15 पदों के लिए 29 सितंबर तक करें आवेदन

ईआईएल में एसोसिएट इंजीनियर पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करें
ईआईएल

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआईएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, ईआईएल ने अनुभवी इंजीनियरों को निश्चित अवधि के आधार पर नियुक्त करने के लिए कुल 15 पदों पर रिक्तियों की घोषणा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके की है।

ईआईएल की ओर से जारी 15 रिक्तियों में एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-II के 9 और एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-III के 6 पद शामिल हैं। इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 29 सितंबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार ईआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से सिविल/मेकेनिकल/इंडस्ट्रियल/प्रोडक्शन में बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग) की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद के अनुसार निर्धारित 5 से 9 वर्षों का पोस्ट-क्वालिफिकेशन अनुभव होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-II के लिए 37 वर्ष और एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-III के लिए 41 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 31 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग और व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-II के लिए 72,000 से 80,000 रुपए के बीच और एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड-III के लिए 86,400 से 96,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

चयन प्रक्रिया ईआईएल के गुरुग्राम, बेंगलुरु, कोलकाता और मुंबई ऑफिस में होगा, जिसके लिए कैंडिडेट्स को संबंधित केंद्र पर सुबह 8 बजे रिपोर्ट करना होगा। वहीं, सिलेक्शन प्रोसेस की सही तारीख, समय और जगह की जानकारी उम्मीदवारों को अलग से उनकी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर दी जाएगी।

--आईएएनएस

डीके/पीएम