नई दिल्ली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज मामले के सिलसिले में की गई है।
आरोपी की पहचान मोहम्मद अत्रुल रहमान के तौर पर हुई है, जो मोहम्मद अब्दुल का बेटा है और जिला सतखीरा, बांग्लादेश का रहने वाला है। उसे आदर्श नगर पुलिस स्टेशन के स्टाफ ने उसकी पत्नी से मिली जानकारी के आधार पर शुरुआती जांच के बाद गिरफ्तार किया। पत्नी का आरोप था कि वह बांग्लादेशी नागरिक है और फर्जी पहचान दस्तावेजों के आधार पर भारत में रह रहा था।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को आदर्श नगर पुलिस स्टेशन में घरेलू हिंसा की घटना के बारे में एक पीसीआर कॉल आई थी। कॉल करने वाली निक्की, जो मोहम्मद अत्रुल की पत्नी है, उसने आरोप लगाया कि उसके पति ने उसके साथ मारपीट की थी।
आदर्श नगर के एसएचओ की जांच के दौरान, शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका पति कथित तौर पर बांग्लादेशी नागरिक है और फर्जी पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल करके भारत में रह रहा था। उसने कहा कि वह कथित फर्जी दस्तावेजों और उसकी बांग्लादेशी नागरिकता से जुड़े अन्य दस्तावेजों के साथ एक विस्तृत लिखित शिकायत सौंपेगी।
28 अगस्त को, शिकायतकर्ता ने आदर्श नगर पुलिस स्टेशन में संबंधित दस्तावेजों के साथ अपनी लिखित शिकायत सौंपी।
शुरुआती जांच के दौरान, उसने बताया कि अत्रुल ने पहले शाइस्ता परवीन नाम की महिला से शादी की थी और वह उसकी दूसरी पत्नी है। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसने एक बांग्लादेशी महिला, मनीरा खातून से तीसरी शादी की थी, जो रूहल अमीन की बेटी है और उपजिला सतखीरा, बांग्लादेश की रहने वाली है।
शिकायतकर्ता द्वारा पेश किए गए शादी के समझौते/दस्तावेज के अनुसार, कथित व्यक्ति का विवरण अत्रुल रहमान, पिता मोहम्मद अब्दुल, निवासी अलीपुर, उपजिला सतखीरा, बांग्लादेश के तौर पर दर्ज था।
पुलिस ने कहा कि आरोपों की जांच कानून के मुताबिक की जा रही है और सभी ज़रूरी सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं।
शुरुआती जांच के दौरान, शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए दस्तावेजों और जानकारी की जांच की गई और जरूरी तस्दीक की गई। शुरुआती जांच और इकट्ठा की गई जानकारी के आधार पर, आदर्श नगर पुलिस स्टेशन में मोहम्मद अत्रुल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। आरोपी को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आगे की जांच चल रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा और आगे की जांच के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग की जाएगी। साथ ही, उसकी नागरिकता, पहचान के दस्तावेजों, इमिग्रेशन हिस्ट्री और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि करने सहित सभी संभावित सबूत इकट्ठा किए जाएंगे।
पुलिस ने कहा कि संबंधित अधिकारियों से पुष्टि के बाद, उसकी कथित विदेशी नागरिकता और इमिग्रेशन स्टेटस के संबंध में कानून के अनुसार जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम







