logo
Advertisement banner

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन: 20 से अधिक देशों और प्रमुख वैश्विक संगठनों के शीर्ष नेता दिल्ली पहुंचेंगे

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन: क्षेत्रीय संगठनों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के शीर्ष नेता दिल्ली पहुंचेंगे
ब्रिक्स

नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। भारत की मेजबानी में 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों, साझेदार देशों, क्षेत्रीय संगठनों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के शीर्ष नेता हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में दुनिया के कई राष्ट्राध्यक्ष, प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और वैश्विक संगठनों के प्रमुख शामिल होंगे।

ब्रिक्स के 10 सदस्य देशों में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबीय अहमद अली सम्मेलन में भाग लेंगे।

ब्राजील की ओर से विदेश मंत्री माउरो विएरा, सऊदी अरब की ओर से विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की ओर से अबू धाबी के क्राउन प्रिंस एवं अबू धाबी एग्जीक्यूटिव काउंसिल के चेयरमैन शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

सम्मेलन में 10 साझेदार देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इनमें कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हुंग, नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टिमा, युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका रोज एपेल अलुपो, थाईलैंड के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री सिहासक फुआंगकेटकियो, उज्बेकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं अर्थव्यवस्था और वित्त मंत्री जमशिद कुचकारोव, क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज पर्रिला, बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिज़ेनकोव और भारत में बोलिविया की प्रभारी राजनयिक आर्लेट गैब्रिएला बुस्टामांते गार्सिया शामिल हैं।

इसके अलावा पांच प्रमुख क्षेत्रीय संगठनों के वर्तमान अध्यक्ष देशों के प्रमुख भी शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इनमें आसियान (फिलीपींस) के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, अफ्रीकी संघ (बुरुंडी) के राष्ट्रपति एवारिस्त नदायिशिमिये, खाड़ी सहयोग परिषद (बहरीन) के विदेश मंत्री डॉ. अब्दुल्लातिफ बिन राशिद अल जायानी, सेलैक (उरुग्वे) के विदेश मंत्री मारियो लुबेटकिन और यूरेशियन आर्थिक संघ (ईएईयू) की ओर से कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव शामिल होंगे।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख भी मौजूद रहेंगे। इनमें संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की महानिदेशक न्गोजी ओकोंजो-इवेला, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस, न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) की अध्यक्ष दिल्मा रूसेफ, एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (एआईआईबी) की अध्यक्ष झोउ जियायी, अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) के महानिदेशक आशीष खन्ना और आपदा प्रतिरोधी अवसंरचना गठबंधन (सीडीआरआई) के महानिदेशक अमित प्रोथी शामिल हैं।

भारत की अध्यक्षता में आयोजित यह 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन वैश्विक दक्षिण, बहुपक्षीय सहयोग, आर्थिक साझेदारी, व्यापार, वित्त, जलवायु, स्वास्थ्य और विकास जैसे मुद्दों पर सदस्य और साझेदार देशों के बीच महत्वपूर्ण विमर्श का मंच बनेगा।

--आईएएनएस

डीएससी