जमुई कांड को लेकर तेजस्वी का सीएम सम्राट चौधरी पर तंज, काल्पनिक संवाद के जरिए लगाए गंभीर आरोप

जमुई कांड पर तेजस्वी का सीएम पर तीखा हमला, कथित बातचीत का जिक्र कर उठाए गंभीर सवाल।
जमुई

पटना, 22 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट की घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा कटाक्ष किया।

उन्होंने मुख्यमंत्री और एक पुलिस अधिकारी के बीच कथित बातचीत को काल्पनिक संवाद के रूप में पेश करते हुए सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट की शुरुआत करते हुए लिखा कि जमुई कांड के वक्त जातीय सम्मेलन कर रहे सम्राट चौधरी ने रात में एक पुलिस अधिकारी को फोन किया और घटना में शामिल आरोपी के गमछे का रंग पूछा। इसके बाद उन्होंने संवाद के जरिए मुख्यमंत्री की कथित बातचीत को व्यंग्यात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया।

तेजस्वी के मुताबिक, जब पुलिस अधिकारी ने गमछे का रंग भगवा बताया तो संवाद में मुख्यमंत्री की ओर से कहा गया कि फिर तो वह 'भगवा बलात्कारी' नहीं हुआ और पूछा गया कि गमछे में कहीं हरा रंग तो नहीं है। इसके बाद तेजस्वी ने अपने पोस्ट में एआई का संदर्भ देते हुए भी मुख्यमंत्री पर कटाक्ष किया।

राजद नेता ने आगे आरोप लगाया कि कथित बातचीत में मुख्यमंत्री पुलिस अधिकारी से आरोपियों की जाति पूछते हैं और 'मुस्लिम और यादव एंगल' तलाशने का निर्देश देते हैं। पोस्ट में उन्होंने पुलिस अधिकारी और मुख्यमंत्री के बीच कथित तौर पर तनावपूर्ण संवाद भी लिखा है और कार्रवाई नहीं होने पर अधिकारी को निलंबित करने की बात का उल्लेख किया है।

तेजस्वी ने इसके बाद मुख्यमंत्री पर चुनावी राजनीति को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव के दौरान किस तरह का गीत टेलीप्रॉम्प्टर पर गाएंगे, यह सवाल उठता है। इसी क्रम में उन्होंने ‘मारब सिक्सर...’ वाले गीत की पंक्तियों का भी उल्लेख किया।

अपने पोस्ट के अंत में तेजस्वी ने ‘हरा गमछा’ और एआई से जुड़े संवाद को लेकर भी व्यंग्य किया और ‘दीपक’ नाम का जिक्र करते हुए कटाक्ष किया कि यह संवाद उन्हें किस अधिकारी ने रटवाया था, इसका पता लगाया जाए। तेजस्वी यादव की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब जमुई की घटना को लेकर राज्य सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है और मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य की पहचान की जा रही है। गौरतलब है कि जमुई की घटना को लेकर तेजस्वी यादव इससे पहले भी सरकार की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठा चुके हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सत्तारूढ़ गठबंधन की ओर से इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसके