Arvind Sawant Statement : हमें विश्वास है, स्थिति हमारे लिए सकारात्मक होगी: अरविंद सावंत

बीएमसी चुनाव को लेकर उत्साहित शिवसेना (यूबीटी), अरविंद सावंत ने सरकार पर साधा निशाना
हमें विश्वास है, स्थिति हमारे लिए सकारात्मक होगी: अरविंद सावंत

मुंबई: शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सावंत ने बृहन्मुंबई नगर निगम चुनाव को लेकर कहा कि हम बहुत ही उत्साहित हैं। हमें पूरा पूरा विश्वास है कि आगामी दिनों में हमारे लिए राजनीतिक स्थिति काफी सकारात्मक होने जा रही है।

मंगलवार को उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कल हमारी रैली भी हुई थी। रैली में हमारी पार्टी के सभी प्रमुख नेता शामिल हुए थे। हमारे लोगों में रैली को लेकर उत्साह देखते ही बन रहा था। हमें पूरा विश्वास है कि उद्धव ठाकरे ने जो भी वादे प्रदेश की जनता से किए, वो जरूर पूरे किए जाएंगे। हम लोग जनता के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करते हैं। इसके विपरीत, हम उन्हें हर हाल में पूरा करने में विश्वास रखते हैं।

शिवसेना (यूबीटी) के सांसद ने कहा कि आगामी दिनों में बड़ी संख्या में शिवसैनिक चुनाव जीतकर आने वाले हैं। हमें जीतने से कोई नहीं रोक सकता है। हम लोग एकजुटता पर विश्वास रखते हैं। जब कभी-भी महाराष्ट्र में किसी भी व्यक्ति पर कोई संकट आता है, तो हम बिना उसका धर्म और जाति पूछे उसकी मदद के लिए आगे रहते हैं। हम समाज में समग्र विकास पर विश्वास करते हैं, जिसके साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि आज की तारीख में महाराष्ट्र में से अधिकांश उद्योग गुजरात जाकर स्थापित हो रहे हैं। आखिर इसका जिम्मेदार कौन है? इस बारे में पूरी वस्तुस्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। लेकिन, इस बारे में किसी भी प्रकार की स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही है। आखिर इसका जिम्मेदार कौन है? इन लोगों ने अपनी कार्यशैली से यह साफ जाहिर कर दिया कि इन्हें महाराष्ट्र के विकास से कोई लेना देना नहीं है। इन लोगों को सिर्फ सत्ता से लेना देना है। ये लोग सिर्फ सत्ता से जुड़े रहना चाहते हैं और उसमें बने रहने के लिए कुछ भी कर सकते हैं।

साथ ही, उन्होंने 'लाडकी बहीण योजना' पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत बहनों को 3 हजार रुपये देकर उनसे वोट मांगे जा रहे हैं। ऐसे लोगों को चाहिए कि वो बहनों की मदद करें, उनकी समस्याओं का निराकरण करें। अगर आज की तारीख में बहनों की स्थिति ठीक होती, तो आज इन्होंने तीन हजार रुपये नहीं लिए होते। ये लोग बहनों की बात करते हैं, लेकिन आज की तारीख में महाराष्ट्र में इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं गायब हो रही हैं, मगर सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। इस सरकार की करनी और कथनी में फर्क है, जिसे प्रदेश की जनता देख रही है।

अरविंद सावंत ने कहा कि 75 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का जिक्र हमने नहीं किया, बल्कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया था। चक्की पीसने का जिक्र हमने नहीं किया था, बल्कि आपने किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद आदर्श घोटाले का जिक्र राजधानी भोपाल के अलावा संसद में भी किया था। भ्रष्ट लोगों को पाक साफ करना यही इन लोगों का काम बन चुका है।

इसके अलावा, उन्होंने अन्नामलाई के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में अन्नामलाई की राजनीतिक प्रासंगिकता पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। उन्हें कोई भी नहीं पूछ रहा है। अन्नामलाई की स्थिति ऐसी हो चुकी है कि उन्हें कोई तमिलनाडु में भी नहीं पूछ रहा है। जब आप मुंबई में आते हो, और आप इसे मुंबई की जगह बुंबई बोलते हो, तो ऐसे में आपसे यह सवाल किया जाना जरूरी हो जाता है कि मद्रास का नाम चेन्नई क्यों कर दिया गया था।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...