Advertisement banner

Pankaj Tripathi Criminal Justice: माधव मिश्रा’ से जुड़ा है मेरा 'आधार' : पंकज त्रिपाठी

पंकज त्रिपाठी बोले– माधव मिश्रा मेरा पहचान बन चुका है, निभाना अब आसान हो गया
'माधव मिश्रा’ से जुड़ा है मेरा 'आधार' : पंकज त्रिपाठी

मुंबई: अभिनेता पंकज त्रिपाठी अपनी सुपरहिट वेब सीरीज ‘क्रिमिनल जस्टिस’ के चौथे सीजन के साथ लौटे हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने किरदार माधव मिश्रा को आसानी से समझ और निभा लेते हैं, क्योंकि उनका ‘आधार’ इस किरदार से जुड़ा हुआ है।

पंकज ने बताया कि 'माधव मिश्रा' का किरदार उनके लिए इतना खास और करीबी है कि ऐसा लगता है जैसे उनका आधार कार्ड (यानी उनकी पहचान) इस किरदार से जुड़ी हुई है। इसे निभाने में वह पूरी तरह डूब जाते हैं।

अभिनेता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात की और अपने किरदार के बारे में खुलकर बात की।

पंकज ने बताया, "मैंने अपना आधार माधव मिश्रा से जोड़ रखा है। मेरे लिए यह मुश्किल नहीं है। सबसे पहले हम कहानी सुनते हैं, अगर हमें कहानी पसंद आती है, तो हम पूरी कास्ट के साथ इसे फिर से पढ़ते हैं। निर्देशक रोहन सर हमें बेसिक चीजें समझाते हैं, तो ज्यादा मुश्किल नहीं आती है।"

आधार बारह अंकों की एक विशिष्ट पहचान संख्या है, जिसे भारत के निवासी अपने पास रखते हैं। यह उनके बायोमेट्रिक्स और जनसांख्यिकीय डेटा पर आधारित है। यह दुनिया का सबसे बड़ा बायोमेट्रिक आईडी सिस्टम है।

अभिनेता ने आगे बताया, “अगर किसी पुराने किरदार को फिर से शामिल किया गया, तो हम पिछले सीजन के कुछ एपिसोड देखते हैं। इसके बाद काम आसान बन जाता है।”

‘क्रिमिनल जस्टिस’ हॉटस्टार स्पेशल के लिए एक क्राइम थ्रिलर लीगल सीरीज है, और यह इसी नाम की 2008 की ब्रिटिश टेलीविजन सीरीज पर आधारित है। शो के चौथे सीजन में पंकज त्रिपाठी के साथ मोहम्मद जीशान अय्यूब, सुरवीन चावला, आशा नेगी, खुशबू अत्रे, बरखा सिंह, आत्म प्रकाश मिश्रा के साथ मीता वशिष्ठ और श्वेता बसु प्रसाद अहम भूमिकाओं में हैं।

बीबीसी स्टूडियोज इंडिया के सहयोग से अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने सीरीज का निर्माण किया है। रोहन सिप्पी ने सीरीज का निर्देशन किया है। 'क्रिमिनल जस्टिस' का प्रीमियर 29 मई से जियो हॉटस्टार पर हो रहा है।