Manoj Tiwari Theft Case : मनोज तिवारी के मुंबई स्थित घर में चोरी, आरोपी निकला पूर्व कर्मचारी

मुंबई में मनोज तिवारी के घर चोरी, सीसीटीवी से पूर्व कर्मचारी की हुई पहचान।
मनोज तिवारी के मुंबई स्थित घर में चोरी, आरोपी निकला पूर्व कर्मचारी

मुंबई: मुंबई में भाजपा सांसद, गायक और अभिनेता मनोज तिवारी के घर में चोरी होने की घटना सामने आई है। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि चोरी में शामिल व्यक्ति उनके अपने पूर्व कर्मचारी हैं। चोरी की गई कुल राशि लगभग 5.40 लाख रुपए बताई जा रही है। यह घटना उनके अंधेरी वेस्ट के शास्त्री नगर इलाके में स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट में घटी थी।

अंबोली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना पिछले साल जून 2025 से हुई थी, जब मनोज तिवारी के घर के बेडरूम की अलमारी से लगभग 4.40 लाख रुपए चोरी हो गए थे। उस समय चोरी करने वाले की पहचान नहीं हो सकी थी।

मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंद्र पांडे, जो पिछले 20 सालों से उनके साथ काम कर रहे हैं, ने इस चोरी के बाद सभी पर कड़ी नजर रखी। उन्हें शक था कि चोरी को कोई जानकार ही अंजाम दे रहा है। इसके चलते दिसंबर 2025 में घर में गुप्त रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इसके बाद 15 जनवरी 2026 को रात लगभग 9 बजे, सीसीटीवी अलर्ट में मनोज तिवारी के पूर्व कर्मचारी सुरेंद्र कुमार शर्मा को चोरी करते हुए देखा गया।

फुटेज में साफ दिखा कि सुरेंद्र के पास घर, बेडरूम और अलमारी की डुप्लीकेट चाबियां थीं। इसी चाबी की मदद से वह बिना ताला तोड़े घर में प्रवेश करते रहे और नकदी निकालते रहे। उस रात उन्होंने 1 लाख रुपए चोरी किए।

सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। सुरेंद्र कुमार शर्मा ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसने चोरी की योजना तब बनाई थी जब वह मनोज तिवारी के घर में काम कर रहा था और चाबियों की मदद से उसने दोनों घटनाओं में चोरी को अंजाम दिया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...