वॉर्सेस्टर, 6 सितंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड की महिला टीम ने आयरलैंड को तीसरे मुकाबले में 114 रन से रौंदकर वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है। 119 रन की शतकीय पारी खेलने वालीं सोफिया डंकले को 'प्लेयर ऑफ द मैच' के साथ 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। सोफिया ने इस सीरीज के 3 मुकाबलों में 70.67 की औसत के साथ कुल 212 रन बनाए।
न्यू रोड पर खेले गए मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम 48.5 ओवरों में 291 रन पर सिमट गई। मैया बाउचियर ने सोफिया डंकले के साथ पहले विकेट के लिए 72 गेंदों में 73 रन की साझेदारी की। बाउचियर 35 गेंदों में 6 चौकों के साथ 39 रन बनाकर आउट हुईं।
इसके बाद डंकले ने जोडी ग्र्यूकॉक के साथ दूसरे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इंग्लैंड को ग्र्यूकॉक के रूप में दूसरा झटका लगा, जो 2 चौकों के साथ 35 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि डंकले ने 119 गेंदों में 15 चौकों के साथ 119 रन बनाए।
इनके अलावा, डैनियल गिब्सन ने 4 बाउंड्री के साथ 41 रन, जबकि फ्रेया कैंप ने 23 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। दोनों खिलाड़ियों ने पांचवें विकेट के लिए 43 गेंदों में 46 रन की साझेदारी की। इंग्लैंड को 260 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा, जिसके बाद टीम के खाते में सिर्फ 30 ही रन जुड़ सके।
विपक्षी खेमे से कारा मरे ने 10 ओवरों में 56 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि ओर्ला प्रेंडरगास्ट, अर्लीन केली, किया मैककार्टनी और लारा मैकब्राइड ने 1-1 विकेट हासिल किया।
इसके जवाब में आयरलैंड 44.2 ओवरों में 177 रन पर सिमट गई। एलिस टैक्टर ने कप्तान गैबी लुईस (16) के साथ पहले विकेट के लिए 24 रन की साझेदारी की। एलिस 2 चौकों के साथ 29 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद एलिस ने एमी हंटर (39) के साथ दूसरे विकेट के लिए 56 रन जुटाए।
ओर्ला प्रेंडरगास्ट (24) ने एमी हंटर (39) के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 रन, जबकि रेबेका स्टोकेल (14) के साथ चौथे विकेट के लिए 20 रन जोड़े। इसके बाद लुईस लिटिल ने लिया पॉल के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। इंग्लैंड के लिए लॉरेन फिलर और मैडी विलियर्स ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि टिली कॉर्टीन-कोलमैन ने 2 विकेट अपने नाम किए।
--आईएएनएस
आरएसजी







