Advertisement banner

मैं सच में शाहरुख से ज्यादा सलमान से मिलना चाहता हूं: क्रिकेटर शाहरुख खान

मैं

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के क्रिकेटर शाहरुख खान का नाम सुनते ही लोगों को बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता शाहरुख खान की याद आ जाती है। हालांकि, नाम एक जैसा होने के बावजूद इस बल्लेबाज की विश लिस्ट में सबसे ऊपर कोई और सेलिब्रिटी है।

शाहरुख खान ने हाल ही में कोवई किंग्स को उनका तीसरा तमिलनाडु प्रीमियर लीग (टीएनपीएल) खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि अब तक उनकी मुलाकात बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान से नहीं हुई है, जिनके नाम पर उनका नाम रखा गया था।

हालांकि, अगर उन्हें किसी बॉलीवुड स्टार से मिलने का मौका मिले, तो वह शाहरुख खान की बजाय सलमान खान से मिलना पसंद करेंगे। तमिलनाडु के इस क्रिकेटर ने कहा कि सलमान उनके पसंदीदा अभिनेता हैं और उनसे मिलना उनकी इच्छा सूची में सबसे ऊपर है।

क्रिकेटर ने 'आईएएनएस' के साथ एक खास बातचीत में कहा, "मैं सच में शाहरुख खान से ज्यादा सलमान खान से मिलना चाहता हूं।" 29 वर्षीय इस खिलाड़ी को अपने आईपीएल करियर के दौरान, खासकर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैचों में अपने मशहूर हमनाम से मिलने के कई मौके मिले। हालांकि, ये मौके कभी पूरे नहीं हो पाए क्योंकि शाहरुख खान मैचों में मौजूद नहीं थे।

उन्होंने कहा, "मैं अभी तक शाहरुख खान से नहीं मिला हूं। हालांकि, हां, उम्मीद है कि जल्द ही उनसे मिलूंगा। हमने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ कई मैच खेले। मगर असल में शाहरुख खान से मिलने का मौका चूक गया। जाहिर है कि वह मैच के लिए नहीं आए थे। अगर वह आए होते, तो मैं उनसे जरूर मिलता। हालांकि, आप जानते हैं, मैं सच में शाहरुख खान से ज्यादा सलमान खान से मिलना चाहता हूं।"

शाहरुख खान से मुलाकात इस क्रिकेटर के लिए खास तौर पर दिलचस्प हो सकती है। चूंकि उनका जन्म बॉलीवुड स्टार के बाद हुआ था, इसलिए शाहरुख को पता है कि उनका नाम उस एक्टर के नाम पर रखा गया था और वह यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि जब वे आखिरकार मिलेंगे तो सुपरस्टार कैसा रिएक्शन देंगे।

उन्होंने कहा, "नहीं, मैं पहले उनके रिएक्शन का इंतजार करूंगा, क्योंकि मेरा जन्म उनके बाद हुआ था। इसी वजह से मेरा नाम उनके नाम पर रखा गया था। मैंने सुना है कि उनका सेंस ऑफ ह्यूमर बहुत अनोखा है। जाहिर है कि वरुण चक्रवर्ती मेरे अच्छे दोस्त हैं।उन्होंने कहा कि वह दिल से बहुत अच्छे इंसान हैं। मैं यह देखने का इंतजार कर रहा हूं कि उनका सेंस ऑफ़ ह्यूमर कैसा है। मैं उनसे मिलने के लिए बहुत उत्साहित हूं।" भले ही उनके नाम की अक्सर चर्चा होती रही है, लेकिन शाहरुख ने पिछले कुछ वर्षों में तमिलनाडु क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है।

वह लगभग दो दशकों से राज्य के क्रिकेट सर्किट का हिस्सा रहे हैं और तमिलनाडु के प्रमुख व्हाइट-बॉल खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरे हैं। उनका शानदार प्रदर्शन उन्हें आईपीएल तक पहुंचा चुका है, जहां उन्होंने कई फ्रेंचाइजी की ओर से दमखम दिखा चुके हैं। फिलहाल शाहरुख गुजरात टाइटंस के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा हैं।

उनकी सबसे हालिया उपलब्धि टीएनपीएल में रही, जहां उन्होंने कोवई किंग्स को तीसरी बार चैंपियन बनाया। टीम ने फाइनल में मदुरै पैंथर्स को 84 रनों से हराया, जिससे वे टूर्नामेंट के इतिहास में तीन खिताब जीतने वाली दूसरी टीम बनी। शाहरुख टीएनपीएल के महत्व को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धियों से कहीं आगे देखते हैं। वह इस टूर्नामेंट को तमिलनाडु के युवा क्रिकेटरों के लिए एक अहम सीढ़ी मानते हैं, क्योंकि इसने पहले ही कई खिलाड़ियों को आईपीएल और घरेलू क्रिकेट के ऊंचे स्तरों तक पहुंचने में मदद की है।

उन्होंने कहा, "हां, टीएनपीएल मेरे, नटराजन, वरुण चक्रवर्ती और कई अन्य खिलाड़ियों समेत तमिलनाडु के बहुत से खिलाड़ियों के लिए एक मंच रहा है। पिछले कुछ वर्षों में इस टूर्नामेंट का विकास जबरदस्त रहा है। और सिर्फ टीएनपीएल ही नहीं, बल्कि भारत में होने वाली अन्य लीग भी। हालांकि, राज्य स्तरीय टी20 के लिए पहला घरेलू टूर्नामेंट टीएनपीएल ही था और मैं इस टूर्नामेंट का हिस्सा बनकर बहुत खुशकिस्मत महसूस करता हूं।"

उन्होंने आगे कहा, "हर साल नए टैलेंट सामने आते हैं। मुझे उम्मीद है कि इस साल भी आईपीएल स्काउट्स कुछ टैलेंट देखेंगे और उन्हें चुनेंगे, ताकि अगले साल यह टूर्नामेंट और भी बड़ा हो सके।" आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए शाहरुख का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और उन्हें बीच सीजन में ही प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया था। शाहरुख ने बताया कि उन्होंने इस ब्रेक का इस्तेमाल अपनी बैटिंग की एक तकनीकी कमी को दूर करने के लिए किया और ज्यादा आत्मविश्वास के साथ टीएनपीएल में वापसी की।

उन्होंने कहा, "मेरी बैटिंग में एक तकनीकी कमी थी। पिछले 7-8 महीनों से एक तकनीकी कमी मेरी बैटिंग में काफी रुकावट डाल रही थी। आईपीएल से लौटने के बाद मैंने उस पर काम किया। मेरा फ्रंट फुट बहुत ज्यादा क्रॉस हो रहा था, जो मैं पहले कभी नहीं करता था। हां, बीच में मुझे कुछ महीने मिले जिनमें मैं अपनी तकनीक पर ध्यान दे सका और उसे जितना हो सके उतना बेहतर बना सका।"

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी