Advertisement banner

त्रिकोणीय सीरीज: प्रीटोरियस ने खेली तूफानी पारी, साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 43 रन से हराया

त्रिकोणीय

विंडहोक, 1 सितंबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने मंगलवार को नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए त्रिकोणीय सीरीज के चौथे मुकाबले में जिम्बाब्वे को 43 रन से मात दी।

यह त्रिकोणीय सीरीज साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही है। फिलहाल साउथ अफ्रीका 3 में से 2 मैच जीतने के बाद शीर्ष पर है, जबकि नामीबिया 2 में से 1 मैच जीतकर दूसरे पायदान पर है। जिम्बाब्वे ने 3 में से 2 मैच गंवा दिए हैं। यह टीम तीसरे स्थान पर है।

मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 185 रन बनाए। शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके।

लुहान-ड्रे प्रेटोरियस ने जॉर्डन हरमन के साथ बतौर सलामी जोड़ी 46 गेंदों में 68 रन की साझेदारी की। जॉर्डन 25 गेंदों में 2 छक्कों और 1 चौके के साथ 28 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद प्रेटोरियस ने देवाल्ड ब्रेविस के साथ दूसरे विकेट के लिए 46 गेंदों में 86 रन जोड़कर टीम को 154 के स्कोर तक पहुंचाया।

ब्रेविस 27 गेंदों में 3 छक्कों और 2 चौकों के साथ 41 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। यहां से किसी भी जोड़ी के बीच दहाई के आंकड़े की साझेदारी नहीं हो सकी। प्रेटोरियस 51 गेंदों में 94 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 12 चौके शामिल रहे। विपक्षी खेमे से वेस्ली मधावेरे ने 20 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि ब्रैड इवांस ने 2 विकेट निकाले। न्यूमैन न्यामहूरी को 1 सफलता हाथ लगी।

इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवरों में 142 रन पर सिमट गई। बेन करन ने ब्रायन बेनेट (13) के साथ पहले विकेट के लिए 20 रन की साझेदारी की। करन 4 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। आलम ये रहा कि 66 के स्कोर तक 8 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।

यहां से कप्तान सिकंदर रजा ने न्यूमैन न्यामहूरी के साथ मिलकर 9वें विकेट के लिए 22 गेंदों में 39 रन जोड़कर टीम को किसी तरह शतक के पार पहुंचाया। सिकंदर 33 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 45 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद न्यामहूरी ने कुंडई माटिगिमु के साथ अंतिम जोड़ी के रूप में 30 गेंदों में 42 रन जुटाकर हार के अंतर को कम किया। विपक्षी खेमे से कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन ने 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि डुआन जानसेन ने 3 विकेट चटकाए। इनके अलावा, प्रेनेलन सुब्रायेन और नकाबायोमजी पीटर को 1-1 विकेट हाथ लगा।

--आईएएनएस

आरएसजी