नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। जर्मनी ने रविवार को बेल्जियम के वावरे में खेले गए 'एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026' के फाइनल में स्पेन को 1-0 से मात देकर अपना चौथा खिताब जीता।
जर्मनी ने साल 2002 में अपना पहला खिताब जीता था। इसके बाद साल 2006 में भी यह टीम विजेता रही। साल 2023 में जर्मनी ने बेल्जियम को मात देकर तीसरी बार इस ट्रॉफी को अपने नाम किया था।
बेल्फियस हॉकी एरीना में खेला गया पुरुषों का फाइनल मुकाबला बेहद कड़ा रहा, जिसके शुरुआती दो क्वार्टर गोल रहित रहे और फिर तीसरे कार्टर में एकमात्र गोल आया। इस मुकाबले के हीरो स्ट्रुथॉफ मिशेल रहे, जिन्होंने 44वें मुकाबले में मैच जिताऊ गोल किया।
स्पेन साल 1998 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप के फाइनल में खेल रहा था। इस टीम ने लंबे समय तक गेंद पर कब्जा जमाए रखे। उन्हें इस बीच कई मौके मिले, लेकिन जर्मन डिफेंस को भेदना मुश्किल था।
'रेड स्टिक्स' (स्पेन) ने आखिरी क्वार्टर में भी दबाव बनाए रखा। चमत्कार की उम्मीद में मैच खत्म होने से चार मिनट से भी कम समय पहले उन्होंने अपने गोलकीपर को भी हटा लिया, लेकिन जर्मनी ने स्पेन को गोल का कोई मौका नहीं दिया।
इससे पहले, रविवार को 3/4 स्थान के लिए खेले गए मैच में अर्जेंटीना ने नीदरलैंड को 2-1 से मात दी। मुकाबले के शुरुआती दो क्वार्टर गोलरहित रहे, जिसके बाद तीसरे क्वार्टर में डोमेने टॉमस ने मैच का खाता खोला।
डोमेने टॉमस ने 41वें मिनट में गोल करते हुए अर्जेंटीना को 1-0 से आगे कर दिया था, जिसके बाद चौथे क्वार्टर में 2 गोल देखने को मिले। 49वें मिनट में मिडेंडोर्प फ्लोरिस ने गोल दागकर नीदरलैंड को 1-1 की बराबरी पर ला दिया, लेकिन 59वें मिनट में रे मटियास ने गोल दागते हुए अर्जेंटीना की जीत सुनिश्चित कर दी।
शनिवार को अर्जेंटीना ने महिलाओं के वर्ग में भी खिताब अपने नाम किया था। 'लास लियोनास' (अर्जेंटीना की महिला टीम) ने 1-1 से ड्रॉ के बाद रोमांचक शूटआउट में नीदरलैंड्स को 3-1 से शिकस्त देकर विमेंस वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था।
--आईएएनएस
आरएसजी







