पुणे: आईपीएल 20 -20 क्रिकेट टूर्नामेंट के एक मैच में लखनऊ सुपरजाइंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 75 रन से पराजित कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपरजाइंट्स ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 176 रन बनाए। जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 14.3 ओवर में 101 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस जीत के साथ ही लखनऊ अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गया है।
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे कोलकाता की शुरुआत बहुत खराब रही। ओपनर बाबा इंद्रजीत बगैर खाता खोले मोहसिन खान की गेंद पर आयुष बदोनी द्वारा लपक लिए गए। कोलकाता की तरफ से आंद्रे रसेल ने 19 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के लगाते हुए 45 रन बनाकर कुछ संघर्ष किया। रसेल को आवेश खान की गेंद पर जेसन होल्डर ने कैच कर लिया। सुनील नरेन ने भी 11 गेंदों में तीन चौके की सहायता से 22 रन का योगदान दिया। उन्हें जेसन होल्डर ने कुणाल पंड्या के हाथों कैच करा दिया। बाकी के बल्लेबाज कोई उल्लेखनीय योगदान नहीं दे सके। लखनऊ के लिए आवेश खान और जेसन होल्डर ने तीन-तीन विकेट लिए। मोहसिन खान, दुश्मन्था चमीरा और रवि बिश्नोई को एक-एक विकेट मिले।





