एजबेस्टन: बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले जा रहे टेस्ट में भारत के 587 रन के जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 407 रन पर सिमट गई। भारत को पहली पारी के आधार पर 180 रन की लीड मिली है। इंग्लैंड के लिए जेमी स्मिथ ने नाबाद 184 रन बनाए। हैरी ब्रूक ने 158 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने छह और आकाश दीप ने चार विकेट लिए।
दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 77 रन से करने वाली इंग्लैंड ने अपने पांच विकेट 84 रन पर गंवा दिए थे। उस समय इंग्लैंड की पारी 150 रन के अंदर सिमटती हुई दिख रही थी। लेकिन, इसके बाद छठे विकेट के लिए हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ ने 303 रन की साझेदारी कर स्कोर को 387 तक पहुंचाया। इस स्कोर पर 158 रन की पारी खेल ब्रूक आउट हुए। 234 गेंद की पारी में इस बल्लेबाज ने 17 चौके और एक छक्का लगाया। ब्रूक का विकेट गिरने के बाद इंग्लैंड के अगले चार विकेट मात्र 20 रन के अंदर गिर गए। इंग्लैंड की पारी 407 रन पर सिमट गई। स्मिथ 207 गेंद में 21 चौके और चार छक्के की मदद से 184 रन बनाकर नाबाद रहे।
