logo
Advertisement banner

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज रजाउल्लाह की तारीफ की

इंग्लैंड

नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने पाकिस्तान के 21 साल के तेज गेंदबाज रजाउल्लाह की तारीफ की है। रजाउल्लाह ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में पाकिस्तान के लिए डेब्यू किया है और अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है। रजाउल्लाह इंग्लैंड के कप्तान जो रूट और सलामी बल्लेबाज एमिलियो गे को आउट किया।

हुसैन ने कहा, "पाकिस्तान लंबे समय से अपने गेंदबाजों से कुछ अलग करने की मांग कर रहा था। रजाउल्लाह का वह स्पेल देखना अच्छा लगा। उसमें कुछ अलग था। उसने बेहतरीन बल्लेबाज जो रूट का विकेट लिया।"

नासिर हुसैन खास तौर पर युवा पेसर की स्पीड और बाउंस पैदा करने की काबिलियत से प्रभावित हुए।

लॉर्ड्स में मिली बड़ी हार के बाद पाकिस्तान टीम के 7 खिलाड़ियों को स्वदेश भेज दिया गया था और 7 नए खिलाड़ियों को इंग्लैंड बुलाया गया था। इसमें रजाउल्लाह भी शामिल हैं। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अब तक सिर्फ आठ प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। प्रथम श्रेणी में रजाउल्लाह के नाम 30 विकेट हैं।

रजाउल्लाह की गेंदबाजी बर्मिंघम टेस्ट के पहले दिन पाकिस्तान के लिए एकमात्र सकारात्मक बात रही। रजाउल्लाह की गेंदबाजी की वजह से ही पहली पारी में 133 रन पर सिमटने वाली पाकिस्तान ने पहले दिन के खेल की समाप्ति के समय तक इंग्लैंड के 4 विकेट 156 पर गिरा दिए थे और मैच में वापसी की संभावना को बनाए रखा था। टेस्ट के दूसरे दिन भी इस युवा गेंदबाज के प्रदर्शन पर नजर रहेगी।

पाकिस्तान की पारी की बात करें तो टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम एक बार फिर बिखर गई और 33.5 ओवर में 133 रन पर सिमट गई। सऊद शकील 43 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। दसवें नंबर पर आने वाले मोहम्मद अब्बास 21 रन बनाकर दूसरे श्रेष्ठ स्कोरर रहे।

इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने 4, जबकि ओली रॉबिनसन और जोफ्रा आर्चर ने 3-3 विकेट लिए।

--आईएएनएस

पीएके