चौथे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में देश भर से 8500 खिलाड़ियों का अब तक का सबसे बड़ा दल भाग लेगा: अनुराग ठाकुर

Anurag Thakur

नई दिल्ली: चौथे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में देश भर से 8500 खिलाड़ियों का अब तक का सबसे बड़ा दल भाग लेगा। केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने यह बात आज पंचकूला के इंद्रधनुष सभागार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के प्रतीक चिन्ह, गीत, जर्सी और शुभंकर को लॉन्च करने के दौरान कही। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि देश की कुल आबादी में महज दो प्रतिशत की हिस्सेदारी के साथ हरियाणा ने अधिकांश खेल प्रतियोगिताओं में देश को सबसे अधिक पदक दिलाए हैं। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह, पूर्व जलशक्ति राज्यमंत्री, भारत सरकार रतन लाल कटारिया और हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल भी उपस्थित थे। श्री ठाकुर ने कहा कि पांच पारंपरिक खेल - गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मल्लखंब और योगासन - आगामी खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 का हिस्सा होंगे। उन्होंने कहा कि यूथ गेम्स और हाल ही में संपन्न हुए खेलो इंडिया के तहत यूनिवर्सिटी गेम्स निश्चित रूप से युवाओं को भविष्य में बड़े लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगे। केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री ने कहा कि भारत सरकार एथलीटों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किए जा रहे अपने प्रयासों को लेकर सजग है।

Related posts

Loading...

More from author

Loading...