Advertisement banner

शांगहाई-हांगकांग-मकाऊ युवा आर्थिक विकास मंच आयोजित

शांगहाई-हांगकांग-मकाऊ

बीजिंग, 9 सितंबर (आईएएनएस)। 'वैज्ञानिक नवाचार, एकीकरण और दूरगामी यात्रा' विषय पर शांगहाई-हांगकांग-मकाऊ युवा आर्थिक विकास मंच- 2026 मंगलवार को हांगकांग में आयोजित किया गया। तीनों क्षेत्रों के विभिन्न क्षेत्रों से आए 300 से अधिक प्रतिनिधियों ने इसमें हिस्सा लिया और युवा विकास तथा क्षेत्रीय सहयोग को लेकर विचार-विमर्श किया।

इस मौके पर हांगकांग विशेष प्रशासनिक क्षेत्र सरकार के नागरिक मामलों एवं युवा मामलों ब्यूरो की प्रमुख माई मेइ चुआन ने कहा कि यह वर्ष राष्ट्रीय 15वीं पंचवर्षीय योजना की शुरुआत का वर्ष है। हांगकांग विशेष प्रशासनिक क्षेत्र सरकार जल्द ही अपनी पहली पंचवर्षीय योजना जारी करने वाली है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय रणनीति के साथ तालमेल बिठाना और हांगकांग के अगले पांच वर्षों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास के लिए दीर्घकालिक खाका तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि शांगहाई, हांगकांग और मकाऊ के बीच मौजूद पूरक लाभ और समन्वित विकास न केवल मंच के विषय को पूरी तरह दर्शाते हैं, बल्कि युवाओं के विकास और आगे बढ़ने के लिए व्यापक अवसर भी उपलब्ध कराते हैं।

वहीं, शांगहाई शहर की पार्टी समिति के जन मोर्चा कार्य विभाग की उप निदेशक वांग श्याओहान ने कहा कि नए युग में राष्ट्रीय विकास की व्यापक प्रक्रिया के बीच शांगहाई, हांगकांग और मकाऊ के युवाओं की विशेष जिम्मेदारी है। वे न केवल तीनों क्षेत्रों के समन्वित विकास की प्रमुख ताकत हैं, बल्कि चीनी शैली के आधुनिकीकरण के निर्माण में अग्रणी भूमिका भी निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि तीनों क्षेत्रों के युवाओं को इस मंच को एक नई शुरुआत मानते हुए आपसी सहयोग और संपर्क को और मजबूत करना चाहिए, अपने-अपने लाभों का बेहतर इस्तेमाल करना चाहिए और मिलकर क्षेत्रीय समन्वित विकास को आगे बढ़ाना चाहिए। साथ ही, उन्हें राष्ट्रीय पुनरुत्थान की दिशा में अपनी युवा शक्ति का योगदान देना चाहिए और मातृभूमि की समृद्धि, जनता की खुशहाली तथा विश्व के बेहतर भविष्य के लिए प्रयास करना चाहिए।

इसी क्रम में, मकाऊ विशेष प्रशासनिक क्षेत्र सरकार के शिक्षा एवं युवा विकास ब्यूरो के उप निदेशक हुआंग च्याछी ने कहा कि यह वर्ष राष्ट्रीय 15वीं पंचवर्षीय योजना की शुरुआत का वर्ष है। मकाऊ विशेष प्रशासनिक क्षेत्र सरकार ने अगस्त में अपनी तीसरी पंचवर्षीय योजना जारी की है, जो राष्ट्रीय रणनीतिक दिशा के अनुरूप है।

उन्होंने कहा कि इससे शांगहाई, हांगकांग और मकाऊ के युवाओं के लिए विकास के नए और व्यापक अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों क्षेत्रों के युवा सक्रिय भूमिका निभाएंगे, आपसी सहयोग की क्षमता को पूरी तरह सामने लाएंगे, उद्योगों के एकीकरण और विकास के अवसरों का लाभ उठाएंगे तथा पारस्परिक लाभ और साझा सफलता हासिल करेंगे।

इस मंच का आयोजन शांगहाई विदेश मैत्री संघ, शांगहाई यूथ फेडरेशन समेत शांगहाई, हांगकांग और मकाऊ के 13 संगठनों ने संयुक्त रूप से किया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/