बीजिंग, 9 सितंबर (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने निमंत्रण पर ब्रिटिश प्रधान मंत्री एंडी बर्नहैम के साथ फोन पर बातचीत की।
शी चिनफिंग ने बर्नहैम को ब्रिटिश प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि चीन-ब्रिटेन सर्वांगीण रणनीतिक साझेदार हैं। दोनों देशों की भिन्न-भिन्न सामाजिक व्यवस्था और राष्ट्रीय स्थिति है, लेकिन साझा हित मतभेद से अधिक हैं। दोनों पक्षों को पारस्परिक सम्मान व विश्वास कर, मतभेद दूर करते हुए समानता ढूंढकर पारस्परिक लाभ वाले सहयोग का विस्तार करना चाहिए। दोनों देशों की सरकारें आर्थिक विकास और जनजीवन सुधार में लगी हैं, जो एक-दूसरे की सहायता कर सकेंगी। चीन 15वीं पंचवर्षीय योजना के दौरान शिक्षा, चिकित्सा व वित्त क्षेत्रों के खुलेपन का विस्तार करेगा, जिनमें दोनों देशों के सहयोग की संभावनाएं हैं। चीन और ब्रिटेन को विभिन्न क्षेत्रों का सहयोग मजबूत करना चाहिए। उम्मीद है कि ब्रिटेन चीनी निवेशकों के कानूनी अधिकार को पर्याप्त रूप से सुनिश्चित करेगा।
शी ने कहा कि यूएन सुरक्षा परिषद के स्थाई सदस्यों और विश्व के मुख्य आर्थिक समुदायों के नाते चीन और ब्रिटेन को यूएन, जी-20, डब्ल्यूटीओ आदि संगठनों में संवाद व समन्वय मजबूत कर समानतापूर्ण तथा व्यवस्थित वैश्विक बहुध्रुवीकरण और समावेशी आर्थिक भू-मंडलीकरण को बढ़ाना चाहिए।
बर्नहैम ने शी की बातों पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन चीन के साथ नीति की निरंतरता बनाए रखेगा और दोनों देशों की दीर्घकालिक व स्थिर रणनीतिक साझेदारी के विकास पर कायम रहेगा। ब्रिटेन चीन के साथ उच्च स्तरीय आवाजाही चलाने और विभिन्न क्षेत्रों का सहयोग बढ़ाने को तैयार है ताकि द्विपक्षीय संबंध इतिहास के सबसे ऊंचे स्तर पर बहाल किये जाएं। दोनों देशों को मिलकर विश्व स्थिरता और समृद्धि की सुरक्षा करनी चाहिए।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/







