Advertisement banner

सऊदी अरब के साथ भारत के मजबूत र‍िश्‍तों में अहम भूम‍िका न‍िभाते हैं भारतीय कामगार : कीर्तिवर्धन सिंह

मराठी

रियाद, 7 सितंबर (आईएएनएस)। भारत सरकार के विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने सोमवार को सऊदी अरब में 'अल फनार कंपनी' के लेबर कैंप में भारतीय कामगारों से मुलाकात की। उन्‍होंने कहा क‍ि भारतीय कामगार भारत और सऊदी अरब के बीच रिश्तों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्‍होंने विदेशों में रहने वाले भारतीय समुदाय खासकर भारतीय कामगारों के कल्याण के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट पर लिखा, “अल फनार कंपनी के लेबर कैंप में भारतीय कामगारों से बातचीत करके खुशी हुई। हमारे कामगार सऊदी अरब के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। विदेशों में बसे भारतीय समुदाय, विशेष रूप से भारतीय कामगारों का कल्याण भारत सरकार की प्राथमिकता है।”

कीर्तिवर्धन सिंह सऊदी अरब की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। सऊदी अरब की यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है। रविवार को उन्होंने सऊदी अरब के विदेश राज्यमंत्री और जलवायु मामलों के दूत आदिल अल-जुबैर से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और सऊदी अरब के बीच मौजूद बेहद अच्छे द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की।

बैठक के बाद कीर्तिवर्धन सिंह ने 'एक्‍स' पर लिखा, “सऊदी अरब के विदेश राज्यमंत्री आदेल अल-जुबैर के साथ गर्मजोशी और सकारात्मक माहौल में मुलाकात हुई। हमने भारत-सऊदी अरब संबंधों की उत्कृष्ट स्थिति की समीक्षा की और जलवायु कार्रवाई के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की।”

विदेश राज्यमंत्री ने सऊदी अरब के मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्री अहमद बिन सुलेमान अल-राजही से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने श्रम और मानव संसाधन क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।

कीर्तिवर्धन सिंह ने 'एक्‍स' पर लिखा, “भारत और सऊदी अरब के बीच श्रम और मानव संसाधन क्षेत्र में सहयोग को और आगे बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई। यह हमारी रणनीतिक साझेदारी की गहराई और तेजी से बढ़ती मजबूती को दर्शाता है। निमंत्रण और गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं अहमद बिन सुलेमान अल-राजही का आभारी हूं।”

विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान कीर्तिवर्धन सिंह सऊदी अरब के पर्यावरण, जल और कृषि मामलों के उपमंत्री समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात करेंगे।

मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों को मानव संसाधन, कौशल विकास, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसे विषयों पर आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर देगी। साथ ही, इससे भारत और सऊदी अरब के बीच बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम