Advertisement banner

घरेलू और युद्ध संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे पुत‍िन, अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा प्रतिबंधों का असर : मार्को रुबियो

घरेलू

वॉशिंगटन, 3 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि रूस के भीतर यूक्रेन की ओर से किए जा रहे हमले और पश्चिमी देशों के प्रतिबंध मिलकर रूसी अर्थव्यवस्था पर असर डाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमेरिका और यूक्रेन के बीच ऐसी व्यवस्था पर बातचीत चल रही है, जिनसे यूक्रेन भविष्य में उन्नत मिसाइल रोधी रक्षा प्रणालियों का उत्पादन कर सके।

एक इंटरव्यू में रूस, ईरान और यूक्रेन युद्ध पर बात करते हुए रुबियो ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस समय कई घरेलू और युद्ध संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। हमलों के साथ-साथ प्रतिबंधों का रूसी अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा असर उनकी बड़ी चिंताओं में शामिल है।

हालांकि रुबियो ने आर्थिक नुकसान के बारे में कोई विशेष आंकड़ा नहीं दिया और न ही किसी खास यूक्रेनी हमले का नाम लिया।

हाल के समय में यूक्रेन लंबी दूरी के ड्रोन और अन्य हथियारों का इस्तेमाल करके रूस के अंदर सैन्य और ऊर्जा से जुड़े ठिकानों को निशाना बना रहा है। वहीं अमेरिका और उसके सहयोगी देश लगातार प्रतिबंधों के जरिए मॉस्को पर दबाव बनाए हुए हैं।

रुबियो ने यूक्रेन की ओर से पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और इंटरसेप्टर मिसाइलों की बढ़ती मांग पर भी बात की।

उन्होंने कहा क‍ि आज पूरी दुनिया अधिक एयर इंटरसेप्टर मिसाइलें चाहती है। यह सिर्फ यूक्रेन की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की सबसे बड़ी रक्षा जरूरत बन गई है। अमेरिका को दूसरे देशों को हथियार देने से पहले अपनी रक्षा जरूरतों का भी ध्यान रखना पड़ता है।

उन्होंने कहा, "हमारी अपनी न्यूनतम रक्षा आवश्यकताएं हैं और उन्हें पूरा करना हमारी प्राथमिकता है। उसके बाद ही हम अन्य देशों को मदद दे सकते हैं।"

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अपनी उपलब्ध क्षमता और संसाधनों के अनुसार यूक्रेन की सहायता जारी रखेगा।

जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका यूक्रेन को मिसाइल रक्षा प्रणालियां बनाने का लाइसेंस देने के खिलाफ है, तो रुबियो ने बताया कि इस विषय पर बातचीत जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई समझौता हो भी जाता है तो इससे यूक्रेन की तत्काल जरूरतें पूरी नहीं होंगी। फैक्ट्रियां खड़ी करने और उत्पादन बढ़ाने में कई साल लगते हैं। इसलिए यह भविष्य में संभव हो सकता है, लेकिन इससे मौजूदा समस्या का तुरंत समाधान नहीं होगा।

रुबियो ने बताया कि अमेरिका और यूक्रेन के बीच ड्रोन तकनीक को लेकर भी सहयोग की संभावनाओं पर बातचीत चल रही है।

उन्होंने कहा क‍ि अगर कोई ऐसा समझौता बनता है जो अमेरिका के हित में भी हो, तो हम निश्चित रूप से उस दिशा में आगे बढ़ेंगे। बातचीत जारी है और यह प्रक्रिया अभी चल रही है। हालांकि उन्होंने फिलहाल किसी नए समझौते की घोषणा नहीं की।

रुबियो ने सीआईए निदेशक जॉन रैटक्लिफ की हालिया रूस यात्रा को लेकर चल रही अटकलों को भी खारिज किया। उन्होंने उन रिपोर्टों को गलत बताया जिनमें कहा गया था कि यह यात्रा डोनाल्ड ट्रंप, व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की संभावित त्रिपक्षीय बैठक से जुड़ी थी।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी