इस्लामाबाद: सीजफायर के बाद दोनों तरफ से सीमा पर शांति बनी हुई है, लेकिन अब भी पाकिस्तान ऑपरेशन सिंदूर की मार को भूल नहीं पा रहा है। यही वजह है कि अब वह दशकों तक भारत के खिलाफ लड़ते की बात सोचगा भी नहीं। पाकिस्तानी सेना की प्रचार यूनिट आईएसपीआर के डीजी लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने फिलिस्तीन और इजरायल का जिक्र करते हुए भारत को गीदड़भभकी दी है। उन्होंने कहा कि सच यह है कि भारत अमेरिका नहीं है और पाकिस्तान अफगानिस्तान नहीं है। इसी तरह भारत इजरायल भी नहीं है और पाकिस्तान फिलिस्तीन भी नहीं है।
चौधरी ने कहा कि हम भारत की वर्चस्व की जंग के आगे नहीं झुकेंगे। इस बात को भारत जितनी जल्दी समझेगा, उतनी ही जल्द क्षेत्र में शांति आएगी। जानकार मानते हैं कि पाकिस्तानी सेना आक्रामक रुख इसलिए भी दिखा रही है ताकि ऑपरेशन सिंदूर में पड़ी मार के बाद पाकिस्तान की जनता को साधा जा सके। खासतौर पर उसकी यह कोशिश है कि पाकिस्तान के लोगों में यह संदेश न जाए कि ऑपरेशन सिंदूर के आगे उनका देश कमजोर पड़ गया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था और मुरीदके और बहावलपुर समेत कुल 9 बड़े आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। इस हमले में करीब 100 आतंकवादी मारे गए थे।






