संयुक्त राष्ट्र: पाकिस्तान ने ईरान के मुद्दे पर अमेरिका को बड़ा झटका दे दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हाल ही में पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख आसिम मुनीर की मुलाकात हुई थी। ये मानते हुए कि पाकिस्तान में वास्तविक सत्ता सेना के पास है, डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को मुनीर की व्हाइट हाउस में मेजबानी की। वाशिंगटन में असीम मुनीर के लिए जबरदस्त बंदोबस्त किए गए थे। इससे इस्लामाबाद और वाशिंगटन के बीच नजदीकियां बढ़ने की अटकलें लगाई जाने लगीं। हालांकि पाकिस्तान ने ईरान के मुद्दे पर सुरक्षा परिषद में अमेरिका के खिलाफ जाकर चीन और रूस का साथ दिया है।
संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि असीम इफ्तिखार अहमद ने रविवार को ईरान पर हुई आपात बैठक में कहा कि इस्लामाबाद "ईरानी परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिका की ओर से किए गए हमलों की कड़ी निंदा करता है।" अहमद ने बताया कि पाकिस्तान अपने मित्र चीन और सहयोगी रूस के साथ मिलकर सुरक्षा परिषद में एक प्रस्ताव का मसौदा प्रसारित कर रहा है ताकि इसे अपनाया जा सके।"






