नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस) भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम से मिस्र में भारत के राजदूत सुरेश के. रेड्डी ने मुलाकात की है। भारतीय वायुसेना की यह टीम मिस्र के अंतरराष्ट्रीय एयर शो में अपने शानदार हवाई करतब दिखाएगी।
सारंग टीम जिन हेलीकॉप्टरों को उड़ाती है, वे भारत में डिजाइन और निर्मित उन्नत हल्का हेलीकॉप्टर ‘ध्रुव’ है। इन हेलीकॉप्टरों के जरिए टीम बेहद कम दूरी पर उड़ान भरने, कठिन संरचनात्मक उड़ानें और एक-दूसरे के साथ पूरी तरह समन्वित हवाई गतिविधियां करती है। सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम से मुलाकात के दौरान भारतीय राजदूत के साथ मिस्र के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
दरअसल भारतीय वायुसेना की सारंग टीम इन दिनों मिस्र में आयोजित होने वाले अल अलामीन अंतरराष्ट्रीय एयर शो 2026 में हिस्सा लेने के लिए पहुंची हुई है। एयर शो का आयोजन 8 से 10 सितंबर तक अल अलामीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर किया जा रहा है।
राजदूत सुरेश के. रेड्डी के साथ मिस्र के जनरल स्टाफ अहमद सालेह, ग्राउंड डिफेंस यूनिट्स के कमांडर ब्रिगेडियर स्टाफ मोहम्मद एजेलदीन, 545 एयर विंग के कमांडर और कर्नल गमाल अतेफ भी मौजूद रहे। इस मुलाकात ने भारत और मिस्र के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग और सैन्य संबंधों को भी रेखांकित किया। भारतीय और मिस्र के अधिकारियों की मौजूदगी में सारंग टीम की भागीदारी दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच पेशेवर संपर्क और आपसी सहयोग का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।
सारंग भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध हेलीकॉप्टर एरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। यह टीम हेलीकॉप्टरों के बेहद सटीक और समन्वित हवाई करतबों के लिए जानी जाती है। टीम के सदस्य हवा में बेहद करीब रहते हुए विभिन्न संरचनाएं बनाते हैं। इन प्रदर्शनों में पायलटों की सटीक उड़ान क्षमता, आपसी तालमेल, अनुशासन और उच्च स्तर के प्रशिक्षण की झलक देखने को मिलती है।
विदेशी एयर शो में सारंग की मौजूदगी भारत की हवाई शक्ति और विमानन कौशल के प्रदर्शन के साथ-साथ ‘मेक इन इंडिया’ की क्षमता को भी सामने रखने का अवसर देती है। सारंग टीम की मिस्र यात्रा केवल एक हवाई प्रदर्शन तक सीमित नहीं है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय एयर शो सैन्य प्रतिनिधिमंडलों और विमानन विशेषज्ञों के बीच संवाद तथा पेशेवर आदान-प्रदान का भी मंच बनते हैं।
वहीं सारंग टीम की सबसे खास पहचान यह है कि यह दुनिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली प्रदर्शन टीम है। टीम अपने बेहद सटीक और चुनौतीपूर्ण हवाई करतबों के जरिए पायलटों के कौशल, अनुशासन और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करेगी। आसमान में पांच हेलीकॉप्टर एक-दूसरे के बेहद करीब उड़ान भरेंगे। ये हेलीकॉप्टर पलक झपकते ही सटीक तालमेल के साथ दिशा बदलते हैं व ऐसी मूवमेंट करते हैं कि देखने वाले देखते रह जाएं।
--आईएएनएस
जीसीबी/एसके







