Advertisement banner

भारत और इथियोपिया ने रक्षा सहयोग मजबूत करने के तरीकों पर की चर्चा

भारत

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। भारत और इथियोपिया ने बुधवार को रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। दोनों देशों के बीच रक्षा प्रशिक्षण, रक्षा उद्योग में सहयोग और संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना अभियानों सहित उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ।

यह बैठक नई दिल्ली में इथियोपिया दूतावास के प्रभारी (चार्ज डी'अफेयर्स) नेबियू टेडला और रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद के बीच हुई।

रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि दोनों पक्षों ने भारत-इथियोपिया रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रशिक्षण, रक्षा उद्योग सहयोग और संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना अभियानों सहित नए और उभरते क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की।

इससे पहले जून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली और उनकी प्रॉस्पेरिटी पार्टी को संसदीय चुनावों में निर्णायक जीत पर बधाई दी थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा था कि भारत इथियोपिया के साथ अपने ऐतिहासिक, बहुआयामी और गहरे संबंधों को बेहद महत्व देता है। उन्होंने इथियोपिया की अपनी यात्रा को याद करते हुए दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की इच्छा भी जताई थी।

इसके जवाब में प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए उन्हें “विश्वसनीय मित्र और बड़े भाई” बताया था। उन्होंने कहा था कि इथियोपिया और भारत के संबंध इतिहास, साझेदारी और साझा आकांक्षाओं पर आधारित हैं तथा दोनों देश अपनी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय इथियोपिया दौरे पर गए थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री अबी अहमद अली से द्विपक्षीय वार्ता की, इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया और अडवा संग्रहालय का दौरा किया। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से भी सम्मानित किया गया था।

--आईएएनएस

डीएससी