Advertisement banner

ईरान का दावा: केशम द्वीप के हवाई क्षेत्र में एक और अमेर‍िकी एमक्‍यू-9 ड्रोन मार ग‍िराया

ईरान का दावा: केशम द्वीप के ऊपर अमेरिकी ड्रोन मार गिराया
ईरान

वॉशिंगटन, 16 सितंबर (आईएएनएस)। ईरान ने अमेरिकी सेना के एक और एमक्‍यू-9 ड्रोन को मार ग‍िराने का दावा क‍िया। बुधवार सुबह केशम द्वीप के ऊपर ईरान की वायु रक्षा प्रणाली ने ड्रोन को इंटरसेप्ट करके नष्ट कर द‍िया।

इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (आईआरआईबी) की जानकारी के अनुसार, ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम ने बुधवार सुबह 2:29 बजे केशम द्वीप के ऊपर अमेरिकी सेना के एमक्‍यू-9 ड्रोन को इंटरसेप्ट करके नष्ट कर दिया। आईआरआईबी ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में यह जानकारी साझा की।

इससे पहले मंगलवार को भी ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने होर्मुज स्‍ट्रेट के हवाई क्षेत्र में एक एमक्‍यू-1 ड्रोन को मार गिराने की बता कही थी।

इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) की र‍िपोर्ट के अनुसार, आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग ने कहा कि अमेरिकी ड्रोन को होर्मुज स्‍ट्रेट के पश्चिमी हिस्से के आसमान में देखा गया और फिर स्‍ट्रेट की एयरोस्पेस फोर्स की नई उन्नत वायु रक्षा प्रणाली ने उसे नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई ईरान के एकीकृत वायु रक्षा नेटवर्क की निगरानी और नियंत्रण में की गई।

आईआरजीसी के अनुसार, पिछले सप्ताह भी होर्मुज क्षेत्र के ऊपर ईरानी सेना की वायु रक्षा प्रणाली ने एक अमेरिकी एमक्‍यू-1 ड्रोन को मार गिराया था।

आईआरएनए के अनुसार, आईआरजीसी ने दावा क‍िया क‍ि ईरान के वायु रक्षा बल दुश्‍म ने हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दे रहा है। जब से अमेरिका और इजरायल ने ईरान के ख‍िलाफ युद्ध शुरू क‍िया है, तब से अब तक ईरानी वायु रक्षा बलों ने दर्जनों लड़ाकू और जासूसी ड्रोन समेत कई अन्य दुश्मन विमानों को मार गिराया है।

वहीं, दूसरी ओर अमेर‍िकी अध‍िकार‍ी इन दावों को बेबुन‍ियाद बता रहे हैं। ज‍िस पर ईरान के व‍िदेश मंत्री अब्‍बास अराघची ने उन अमेर‍िकी अध‍िकार‍ियों को भी जवा द‍िया। उन्होंने कहा कि ईरान की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई और अमेरिकी सैनिकों के वास्तविक नुकसान की जानकारी सही समय आने पर सामने लाई जाएगी।

अराघची ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफार्म 'एक्‍स' पोस्‍ट में ल‍िखा, "तथ्य: अमेरिकी सेना के सैकड़ों ठिकाने तबाह हो गए और दर्जनों विमान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए (स्रोत: पेंटागन)।"

उन्होंने आगे ल‍िखा, "यह तो सिर्फ शुरुआत है।" समय आने पर पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

उन्होंने कहा क‍ि हम उचित समय पर सब कुछ उजागर करेंगे। जिन लोगों ने ईरान के बारे में झूठ बेचा है, उनके लिए सच्चाई सामने आने पर स्थिति अच्छी नहीं होगी।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम