वॉशिंगटन, 28 अगस्त (आईएएनएस)। कैरोलीन लेविट ने व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त कर दिया है। उन्होंने 19 महीने से अधिक समय तक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुख्य सार्वजनिक प्रवक्ता के रूप में काम किया। व्हाइट हाउस ने घोषणा की कि गुरुवार उनका इस पद पर आखिरी दिन था, लेकिन उनके उत्तराधिकारी का नाम अभी घोषित नहीं किया गया है।
लेविट व्हाइट हाउस की 36वीं प्रेस सचिव थीं। ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में जब उन्होंने यह पद संभाला, तब वह इस भूमिका में आने वाली सबसे कम उम्र की महिला बन गई थीं।
व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति और उनकी 'अमेरिका फर्स्ट' नीतियों का मजबूती से बचाव करने के लिए लेविट की सराहना की। प्रशासन ने कहा कि उनका कार्यकाल नेतृत्व, स्पष्टता और आत्मविश्वास से भरा रहा।
आधिकारिक घोषणा के अनुसार, ट्रंप ने लेविट को 'व्हाइट हाउस के इतिहास की सबसे बेहतरीन प्रेस सचिवों में से एक' बताया। टेलीविजन पर होने वाली प्रेस ब्रीफिंग और समाचार कार्यक्रमों में लगातार दिखाई देने के कारण लेविट ट्रंप प्रशासन के सबसे चर्चित चेहरों में से एक बन गई थीं।
वह अक्सर व्हाइट हाउस के प्रेस ब्रीफिंग कक्ष का इस्तेमाल उन समाचार रिपोर्टों को चुनौती देने के लिए करती थीं, जिन्हें प्रशासन गलत या पक्षपातपूर्ण मानता था। पत्रकारों के साथ उनकी बातचीत कई बार तीखी और टकरावपूर्ण रही। व्हाइट हाउस ने अपने विदाई संदेश में उनकी एक प्रतिक्रिया का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने एक पत्रकार के सवाल पर कहा था, 'क्या बेवकूफी भरा सवाल है।'
व्हाइट हाउस ने यह श्रेय भी लेविट को दिया कि उन्होंने प्रेस ब्रीफिंग में पॉडकास्ट, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और अन्य नए मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों को भी शामिल होने का मौका दिया। इस बदलाव के कारण जेम्स एस. ब्रैडी प्रेस ब्रीफिंग रूम में बैठने की व्यवस्था और सवाल पूछने की पारंपरिक प्रक्रिया में बदलाव आया। पहले वहां सीटें मुख्य रूप से स्थापित समाचार संस्थानों को दी जाती थीं।
लेविट का कहना था कि प्रशासन को केवल पारंपरिक टीवी चैनलों और अखबारों के दर्शकों तक ही नहीं, बल्कि नए प्लेटफॉर्म के जरिए अन्य लोगों तक भी पहुंचना चाहिए।
उनकी ब्रीफिंग में अक्सर आव्रजन (इमिग्रेशन), अर्थव्यवस्था, व्यापार, विदेश नीति और मीडिया के साथ ट्रंप के मतभेद जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहते थे।
उन्होंने सरकारी खर्च में कटौती और आव्रजन नीतियों से जुड़े विवादों के दौरान भी प्रशासन का खुलकर बचाव किया। व्हाइट हाउस ने कहा कि लेविट ने इस पद के लिए एक नया मानदंड स्थापित किया और लगातार ट्रंप के एजेंडे का समर्थन किया।
व्हाइट हाउस ने स्पष्ट नहीं किया कि क्या लेविट ट्रंप के साथ किसी अन्य भूमिका में काम जारी रखेंगी या प्रशासन में कोई दूसरा पद संभालेंगी। अगले व्हाइट हाउस प्रेस सचिव की नियुक्ति कब होगी या उनकी पहली प्रेस ब्रीफिंग कब आयोजित की जाएगी, इसकी भी कोई तारीख नहीं बताई गई है।
उनके जाने से प्रशासन के सबसे महत्वपूर्ण जनसंपर्क पदों में से एक खाली हो गया है। यह ऐसे समय हुआ है जब व्हाइट हाउस विदेश नीति, व्यापार और घरेलू राजनीतिक मुद्दों से जुड़े कई बड़े मामलों पर काम कर रहा है।
प्रेस सचिव राष्ट्रपति के मुख्य प्रवक्ता होते हैं और व्हाइट हाउस को कवर करने वाले पत्रकारों के लिए नियमित प्रेस ब्रीफिंग आयोजित करते हैं।
यह अधिकारी राष्ट्रपति, वरिष्ठ सलाहकारों और संघीय एजेंसियों के साथ समन्वय करके प्रशासन की नीतियों और महत्वपूर्ण घटनाओं पर उसकी प्रतिक्रिया जनता तक पहुंचाने का काम भी करता है।
लीविट इससे पहले ट्रंप के पहले कार्यकाल में सहायक व्हाइट हाउस प्रेस सचिव के रूप में भी काम कर चुकी हैं। बाद में उन्होंने रिपब्लिकन सीनेटर एलिस स्टेफानिक की संचार निदेशक (कम्युनिकेशंस डायरेक्टर) के रूप में काम किया और 2022 में न्यू हैम्पशायर से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) का चुनाव भी लड़ा, लेकिन जीत नहीं सकीं।
ट्रंप ने नवंबर 2024 में लीविट को प्रेस सचिव पद के लिए चुने जाने की घोषणा की थी।
--आईएएनएस
एवाई/एएस






