Advertisement banner

चीन में प्रजनन समर्थन नीति को और बेहतर किया जाएगा

चीन की '15वीं पंचवर्षीय योजना' में प्रजनन समर्थन नीति को मजबूत करने का प्रस्ताव
चीन

बीजिंग, 14 सितंबर (आईएएनएस)। चीनी राज्य परिषद के सूचना कार्यालय ने सोमवार को '15वीं पंचवर्षीय योजना की शुरुआत' श्रृंखला के तहत एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया। इसमें चीनी राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग, राष्ट्रीय पारंपरिक चीनी चिकित्सा प्राधिकरण और राष्ट्रीय रोग नियंत्रण प्राधिकरण समेत संबंधित विभागों ने '15वीं पंचवर्षीय योजना' के कार्यान्वयन और स्वस्थ चीन के निर्माण में निर्णायक प्रगति को बढ़ावा देने से जुड़ी जानकारी दी।

इस मौके पर चीनी राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग की उप प्रमुख कुओ यानहोंग ने बताया कि जनसंख्या का मुद्दा हमेशा चीन के सामने एक व्यापक, दीर्घकालिक और रणनीतिक मुद्दा रहा है। उन्होंने कहा कि '15वीं पंचवर्षीय योजना' अवधि में चीन की जनसंख्या विकास स्थिति में गहरे बदलाव आए हैं। ऐसे में चीन प्रजनन समर्थन नीति प्रणाली को तेजी से बेहतर बनाएगा, प्रमुख समूहों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगा और जनसंख्या के उच्च गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ावा देगा।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में मातृ-शिशु सुरक्षा प्रणाली को लगातार मजबूत किया जाएगा। '15वीं पंचवर्षीय योजना' अवधि में 2030 तक मातृ मृत्यु दर को 1 लाख जीवित जन्मों पर 12 से नीचे और शिशु मृत्यु दर को 1 हजार जीवित जन्मों पर 3.5 से नीचे लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को लगातार बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही, स्तन कैंसर और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच, शीघ्र निदान और उपचार को बढ़ावा दिया जाएगा तथा उचित आयु की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीके का निशुल्क टीकाकरण पूरी तरह लागू किया जाएगा।

प्रजनन समर्थन के क्षेत्र में बाल पालन सब्सिडी प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। इसके साथ ही, समावेशी बाल देखभाल सेवाओं को बड़े स्तर पर विकसित किया जाएगा, ताकि बच्चों का पालन-पोषण करने वाले परिवारों को अधिक गुणवत्तापूर्ण और सुविधाजनक विकल्प मिल सकें। 2030 तक 3 वर्ष से कम आयु के बच्चों के बाल देखभाल केंद्रों में प्रवेश दर में 6 प्रतिशत अंक की और वृद्धि करने का लक्ष्य है।

वहीं, बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में बाल चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को उन्नत किया जाएगा। बच्चों के शुरुआती विकास से जुड़ी सेवाओं को बेहतर बनाया जाएगा और वैज्ञानिक पालन-पोषण तथा शिशुओं के शुरुआती विकास को लेकर जागरूकता और मार्गदर्शन बढ़ाया जाएगा। बच्चों और किशोरों के लिए दृष्टि, वजन, मानसिक स्वास्थ्य, हड्डियों और मौखिक स्वास्थ्य से जुड़े 'पांच स्वास्थ्य' अभियान को भी लागू किया जाएगा।

वृद्धजन स्वास्थ्य के संदर्भ में वृद्धजन-अनुकूल चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। अस्पतालों के वार्डों और चिकित्सा उपकरणों को वृद्धजनों के अनुकूल बनाया जाएगा तथा सेवा प्रक्रियाओं को सरल और सुविधाजनक किया जाएगा, ताकि बुजुर्गों के लिए डॉक्टर से मिलना और इलाज कराना आसान हो सके।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/