Advertisement banner

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने नई दिल्ली रवाना हुए मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम

मलेशिया के PM अनवर इब्राहिम नई दिल्ली पहुंचे, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में लेंगे भाग
ब्रिक्स

नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम शुक्रवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली रवाना हो गए। भारत दौरे के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वैश्विक नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे और केरल जाकर भारत के ग्रैंड मुफ्ती से भी भेंट करेंगे।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अनवर इब्राहिम ने कहा कि वह भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्त तोकायेव और इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अनवर इब्राहिम के बीच शनिवार को नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है।

अनवर इब्राहिम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं और मलेशियाई प्रतिनिधिमंडल 18वें ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली रवाना हुए हैं। इस दौरान मेरी भारत, रूस, ईरान और कजाखस्तान के राष्ट्राध्यक्षों तथा इथियोपिया के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी निर्धारित हैं।"

उन्होंने बताया कि भारत यात्रा के कार्यक्रम में केरल का दौरा भी शामिल है, जहां वह भारत के ग्रैंड मुफ्ती से मुलाकात कर सामुदायिक विकास, शिक्षा और धार्मिक मामलों पर विचार-विमर्श करेंगे।

उन्होंने कहा, "भारत में राजनयिक कार्यक्रम पूरा करने के बाद मैं राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू के निमंत्रण पर आधिकारिक यात्रा के लिए मालदीव जाऊंगा। उम्मीद है कि यह दौरा दोनों देशों के लोगों और राष्ट्रों के लिए ठोस लाभ लेकर आएगा।"

भारत 2026 में ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है और इसी क्रम में 12-13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों, साझेदार देशों और आउटरीच आमंत्रित देशों के नेता हिस्सा लेंगे।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का विषय 'बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी' है, जो प्रधानमंत्री मोदी के "ह्यूमैनिटी फर्स्ट" दृष्टिकोण पर आधारित जन-केंद्रित सोच को दर्शाता है। सम्मेलन में नेता ब्रिक्स सहयोग को मजबूत करने के साथ-साथ वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

ब्रिक्स के सदस्य देशों में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। वहीं बेलारूस, क्यूबा, बोलीविया, कजाखस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम ब्रिक्स के साझेदार देश हैं।

भारत ब्रिक्स का संस्थापक सदस्य है और इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में इसकी अध्यक्षता कर चुका है। भारत ने 1 जनवरी 2026 से चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली है। वर्ष 2026 ब्रिक्स की स्थापना के 20 वर्ष पूरे होने का भी प्रतीक है।

--आईएएनएस

डीएससी