Advertisement banner

बंगाल में बिना लाइसेंस सरकारी जमीन पर चल रहे कई होटल-रेस्टोरेंट : दिलीप घोष

बंगाल

न्यूटाउन, 2 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में होटल-रेस्टोरेंट की कथित अनियमितताओं से लेकर पाकिस्तान, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, अभिषेक बनर्जी और पाकिस्तान में मंदिर तोड़े जाने के मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

पश्चिम बंगाल के होटल और रेस्टोरेंट को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में प्रतिष्ठान कथित तौर पर बिना जरूरी अनुमति और लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई जगह सरकारी जमीन पर कब्जे के आरोप हैं और कुछ प्रतिष्ठानों के पास फायर सेफ्टी लाइसेंस तक नहीं है।

उन्होंने खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी नियमों के पालन पर भी सवाल उठाए। घोष कहा कि रेस्टोरेंट में परोसे जा रहे भोजन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं और सड़े हुए मांस की शिकायतें बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है और कार्रवाई के बाद स्थिति धीरे-धीरे सुधरेगी।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा एससीओ ग्रुप फोटो के कथित एडिटेड वर्जन को साझा किए जाने और उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रेम से हटाए जाने पर भी घोष ने पाकिस्तान पर निशाना साधा।

उन्होंने इसे धोखाधड़ी और चालाकी बताया और कहा कि इस तरह की गतिविधियों से पाकिस्तान अपनी ही छवि खराब कर रहा है। ऐसी हरकतों से भारत पर कोई फर्क नहीं पड़ता।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पर टिप्पणी करते हुए घोष ने कहा कि उन्होंने अपने देश को बेहद खराब स्थिति में पहुंचा दिया है। उन्होंने शरीफ द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी से तुलना किए जाने पर भी कटाक्ष किया और कहा कि पहले उन्हें पाकिस्तान की स्थिति सुधारने पर ध्यान देना चाहिए। घोष ने दावा किया कि पाकिस्तान की जनता भी अपने प्रधानमंत्री के खिलाफ नाराजगी जाहिर करती है।

अभिषेक बनर्जी के खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई पर घोष ने कहा कि उन्हें अदालत में जाकर अपना बयान दर्ज कराना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में अंतिम फैसला अदालत का ही होगा।

वहीं, पाकिस्तान में मंदिर तोड़े जाने की खबरों पर घोष ने कहा कि यदि पाकिस्तान सही रास्ते पर चले तो उसकी अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा बढ़ सकती है और वह आर्थिक संकट से बाहर निकल सकता है। उन्होंने पाकिस्तान पर धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार, मंदिरों को नुकसान पहुंचाने और मूर्तियां तोड़ने का आरोप लगाया। घोष ने कहा कि पाकिस्तान को दूसरे धर्मों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय अपने देश के विकास और आर्थिक स्थिति सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।

--आईएएनएस

एसएके/एएस