कोयंबटूर, 29 अगस्त (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन तमिनाडु दौरे पर पहुंच चुके हैं। उपराष्ट्रपति का शनिवार को कोयंबटूर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
तमिलनाडु के राज्यपाल थिरु राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, तमिलनाडु सरकार में पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और विमुक्त समुदाय कल्याण मंत्री थिरु वी. संपत कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत किया।
उपराष्ट्रपति इरोड के कोंगु इंजीनियरिंग कॉलेज में कोंगु वेल्लालर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ट्रस्ट (केवीआईटीटी) के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद उपराष्ट्रपति बेंगलुरु रवाना होंगे, जहां वे विधानसौधा में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री रामकृष्ण हेगड़े शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
वहीं, उपराष्ट्रपति 30 अगस्त को केरलम का दौरा करेंगे। सीपी राधाकृष्णन के दौरे की शुरुआत अलाप्पुझा से होगी, जहां वे लियो हायर सेकेंडरी स्कूल में केरल कौमुदी की 115वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लेंगे।
इसके बाद उपराष्ट्रपति पथानामथिट्टा जाएंगे, जहां वे अरनमुला जल महोत्सव 2026 का उद्घाटन करेंगे। बाद में तिरुवनंतपुरम की यात्रा करेंगे, जहां वे केरल के प्रमुख सांस्कृतिक त्योहार ओणम संबंधी एक उत्सव का उद्घाटन करेंगे।
उपराष्ट्रपति 31 अगस्त को लक्षद्वीप के अगत्ती का दौरा करेंगे, जहां वे मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहेंगे। केरलम लौटकर सीपी राधाकृष्णन राजगिरी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी- आरएसईटी के रजत जयंती समारोह और आरएसईटी ऑडिटोरियम, कक्कानाड, कोच्चि में कॉन्फ्लुएंस 3.0 उद्योग-अकादमिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
इसके पहले शुक्रवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने नई दिल्ली के उपराष्ट्रपति भवन में 'ज्ञानी अर्थ' का शुभारंभ किया, जो ज्ञानी एआई द्वारा विकसित इवोन 3.3 और प्लेक्सस से युक्त एक स्वतंत्र एआई स्टैक है। इवोन 3.3 एक बड़ा भाषा मॉडल है, जबकि प्लेक्सस एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो एआई को वास्तविक दुनिया के कार्यों और संस्थानों से जोड़ता है।
राधाकृष्णन ने ज्ञानी अर्थ के शुभारंभ का स्वागत करते हुए कहा कि इवोन 3.3 और प्लेक्सस का संयोजन भारत के प्रौद्योगिकी इकोसिस्टम की बढ़ती शक्ति को दर्शाता है और यह सिद्ध करता है कि भारतीय इंजीनियर न केवल अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों का उपयोग कर सकते हैं बल्कि उनका निर्माण भी कर सकते हैं।
--आईएएनएस
ओपी/एएस







