भोपाल, 18 सितंबर (आईएएनएस) मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के मौके पर आयोजित आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम ने इतिहास रच दिया, यहां 33 लाख से ज्यादा दीए प्रज्वलित किए गए। वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकार्ड्स का प्रमाण पत्र दिया गया । इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा ने राष्ट्रीय स्तर पर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की, वही आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का आयोजन किया गया । राज्य के सभी हिस्सों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया मगर उज्जैन का नजारा अलग ही था, यहां की शिप्रा नदी का हर घाट और हर कोना दीपों से जगमगा रहा था । प्रदेश के सभी जिलों और 845 आईकॉनिक प्लेस में 3 करोड़ 55 लाख दीये एकसाथ जलाये गये। सिर्फ उज्जैन में ही 33 लाख 27 हजार दीये एक साथ प्रज्वलित कर वर्ल्ड रिकार्ड बनाया गया।
उज्जैन के शिप्रा के रामघाट पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एवं प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंघी ने उज्जैनवासियों के साथ मिलकर दीप प्रज्वलित किये। एक स्थान पर 33 लाख से ज्यादा दीयों का एक साथ प्रज्वलित किया जाना एक कीर्तिमान है और वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकार्ड्स में यह दर्ज किया गया है।
प्रमाण पत्र के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित अन्य नेताओं ने तस्वीर भी साझा की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बाबा महाकाल की नगरी में भव्य दीपोत्सव में सर्वाधिक संख्या में दीप प्रज्वलन का रिकॉर्ड बना है।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम






