Advertisement banner

दिल्ली: दो घंटे के भीतर हत्या के प्रयास का मामला सुलझा, दो नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली:

नई दिल्ली, 3 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले का महज दो घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो किशोर (सीसीएल) समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और आरोपियों के खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की रात करीब 10:21 बजे सुंदर नगरी के एच-ब्लॉक, गली नंबर-10 में चाकूबाजी की सूचना नंद नगरी थाने को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घायल को परिजन इलाज के लिए पहले ही जीटीबी अस्पताल ले जा चुके थे। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।

जांच के दौरान घायल अतुल (35), निवासी एच-ब्लॉक, सुंदर नगरी ने बताया कि 16 अगस्त को पतंग उड़ाने को लेकर उसकी नीरज और इलाके के दो अन्य लड़कों से कहासुनी हुई थी। बाद में मामला सुलझ गया था, लेकिन आरोपी उससे रंजिश रखने लगे।

अतुल के मुताबिक, 2 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठा था। इसी दौरान तीनों आरोपी वहां पहुंचे और उस पर चाकू से हमला कर फरार हो गए।

मामले में नंद नगरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) और 3(5) के तहत एफआईआर संख्या 483/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएचओ इंस्पेक्टर आनंद यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना के दो घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में सुंदर नगरी निवासी नीरज (21) और दो किशोर शामिल हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 17 वर्ष 6 माह और 17 वर्ष 11 माह है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया एक चाकू और वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

डीएससी