बेंगलुरू, 22 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में विभिन्न मुद्दों पर अपना पक्ष रखा।
प्रह्लाद जोशी ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मैं खुश हूं कि मुझे जेएसएस जैसे एजुकेशन इंस्टीट्यूट में आने का मौका मिला। यह इस क्षेत्र का प्रख्यात शिक्षण संस्थान है। खास बात यह है कि यह संस्थान दक्षिण कर्नाटक से उत्तर कर्नाटक तक फैला हुआ है। इस संस्थान की सबसे खास बात यह है कि इसने अब तक कई डॉक्टर इंजीनियर और शोधकर्ता दिए, जो देश के विकास में अहम योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद मैं पहली बार कर्नाटक आया हूं। मुझे इस बात की खुशी है कि मुझे इस प्रख्यात शिक्षण संस्थान में आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जहां से पढ़े हुए लोग देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान देते हुए नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभी हम आपको यह नहीं बता सकते हैं कि आगामी दिनों हम लोग शिक्षा के क्षेत्र में क्या-क्या कदम उठाने जा रहे हैं। एक बार सही समय आ जाएगा तो मैं आपको बता दूंगा कि हम लोग आगामी दिनों में क्या कदम उठाने जा रहे हैं। हमारा एकमात्र मकसद शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक सुधार लाना है।
इसके अलावा, उन्होंने छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। प्रह्लाद जोशी ने कहा कि हम छात्रों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन करते हैं। उनकी मांगों को सुनना चाहिए। उन्हें शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन करने का पूरा हक है। ऐसा तो नहीं हो सकता है कि आप दिल्ली में कुछ और कह रहे हैं और किसी दूसरे राज्य में कुछ और कह रहे हैं। आपको स्टूडेंट्स को लेकर एक जैसा रुख अपनाना होगा, तभी जाकर स्थिति आगे चलकर सकारात्मक हो पाएगी। अगर छात्रों के विरोध प्रदर्शन को रोका जा रहा है तो ये गलत है। स्टूडेंट को विरोध प्रदर्शन करने का पूरा हक मिलना चाहिए।
--आईएएनएस
एसएचके/डीकेपी







