Advertisement banner

दक्षिण रेलवे में 4,471 अप्रेंटिस पदों पर बंपर वैकेंसी, युवाओं के पास 27 सितंबर तक आवेदन का अवसर

दक्षिण

चेन्नई, 31 अगस्त (आईएएनएस)। रेलवे में नौकरी करने से अपना शानदार पेशेवर करियर शुरू करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, दक्षिण रेलवे ने विभिन्न ट्रेड और यूनिट के आधार पर अप्रेंटिस के कुल 4,471 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की बंपर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

दक्षिण रेलवे की ओर से अप्रेंटिस पोस्ट के लिए जारी 4,471 रिक्तियों में फ्रेशर श्रेणी के 163 और पूर्व-आईटीआई श्रेणी के 4,308 पद शामिल हैं। इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 28 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 27 सितंबर तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे दक्षिण रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से संबंधित ट्रेड अनुसार कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं, 12वीं, आईटीआई सर्टिफिकेट, आदि योग्यता होनी चाहिए। आवेदकों की न्यूनतम आयु 15 वर्ष और अधिकतम आयु पद के अनुसार 22 से 24 वर्ष के बीच तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, मेरिट सूची और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को प्रथम वर्ष के फ्रेशर्स - दसवीं कक्षा को 8,200 रुपए, प्रथम वर्ष के फ्रेशर्स - 12वीं कक्षा के 9,600 रुपए और पूर्व आईटीआई को 9,600 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे। वहीं, दस्तावेज सत्यापन के लिए चयनित सूची का अस्थायी प्रकाशन 15 अक्टूबर को किए जाने की संभावना है।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 100 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी और महिलाओं को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, पद, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को दक्षिण रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित रिक्तियों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी