शिवपुरी, 2 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को शिवपुरी में अत्याधुनिक मुख्य डाकघर का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही उन्होंने गुना और ग्वालियर के डाकघरों का भी लोकार्पण किया। बताया गया है कि शिवपुरी का यह नया डाकघर जनसेवा कनेक्ट डाकघर पहल के मानकों पर आधारित है, जिसमें नागरिक-केंद्रित सुविधाओं, बेहतर अनुभव और सुगम सेवा वितरण का विशेष ध्यान रखा गया है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी का यह आधुनिक मुख्य डाकघर केवल एक नया भवन नहीं, बल्कि बदलते भारत की जरूरतों के अनुरूप डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यहां नागरिकों की सुविधा को केंद्र में रखते हुए आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं, ताकि लोगों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाएं अधिक सहज और प्रभावी तरीके से उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व दिल्ली में जनसेवा कनेक्ट डाकघर नेहरू प्लेस का लोकार्पण किया गया था और शिवपुरी का यह डाकघर उसी श्रृंखला की अगली कड़ी है। इसका उद्देश्य डाकघर को केवल डाक सेवाओं तक सीमित न रखते हुए नागरिकों के लिए आधुनिक, सुविधाजनक और जन-केंद्रित सेवा केंद्र के रूप में विकसित करना है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने शिवपुरी के साथ गुना और ग्वालियर के डाकघरों का भी लोकार्पण किया। इन डाकघरों के आधुनिकीकरण से संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर डाक एवं जनसेवा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सिंधिया ने कहा कि डाक विभाग देश के गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचने वाली सबसे व्यापक सेवा व्यवस्थाओं में से एक है। आधुनिक सुविधाओं के साथ डाकघरों को विकसित करने का उद्देश्य इस नेटवर्क को नई तकनीक, बेहतर सेवा और नागरिक-केंद्रित व्यवस्था से जोड़ना है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भगवान शिव की नगरी शिवपुरी आज विकास के नए केंद्र के रूप में आगे बढ़ रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रेलवे, सड़क, बिजली और अब डाक सेवाओं के क्षेत्र में लगातार नई सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना है और शिवपुरी में आज का यह आयोजन इसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। आधुनिक डाकघर जनसेवा को अधिक प्रभावी और सुगम बनाने के साथ शिवपुरी के विकास की यात्रा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ता है।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी







