Advertisement banner

Sachin Pilot Trump Statement: भारत-पाक सीजफायर पर स्थिति स्पष्ट करें पीएम मोदी : सचिन पायलट

सचिन पायलट ने टोंक में मोदी सरकार पर सीजफायर और जनहित मुद्दों को लेकर साधा निशाना।
भारत-पाक सीजफायर पर स्थिति स्पष्ट करें पीएम मोदी : सचिन पायलट

टोंक: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान के टोंक से विधायक सचिन पायलट गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे। उन्होंने बैरवा धर्मशाला में सभा भवन का उद्घाटन किया और बम्बोर तथा लवादर गांवों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

मीडिया से बात करते हुए पायलट ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर को लेकर अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि डोनाल्ड ट्रंप अब तक कई बार कह चुके हैं कि उन्होंने व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए भारत-पाक सीजफायर करवाया। यह गंभीर विषय है। प्रधानमंत्री मोदी को इस पर जवाब देना चाहिए। आखिर कैसे कोई तीसरा देश भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम की घोषणा कर सकता है?

पायलट ने गुर्जर आंदोलन की सुगबुगाहट पर भी सरकारों को आगाह किया। उन्होंने कहा कि अपना हक मांगना गलत नहीं है। केंद्र और राज्य सरकारों को अपने किए वादों को निभाना चाहिए, जिससे लोगों का भला हो सके।

राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी पायलट ने सवाल उठाए। उन्होंने राजस्थान सरकार में मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की छापेमारी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जो काम प्रशासन का है, वह काम मंत्री क्यों कर रहे हैं? इससे सरकार की स्थिति पर सवाल खड़े होते हैं। बिजली, पानी और रोजगार जैसे मुद्दों पर भी उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि जनता इन बुनियादी सुविधाओं से जूझ रही है।

कांग्रेस संगठन चुनाव को लेकर पायलट ने कहा कि यह एक प्रक्रिया है जो जल्द पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन का मजबूत होना जरूरी है और इसके लिए चुनाव जरूरी हैं। वहीं, राजस्थान में हाल ही में सामने आए जासूसी से जुड़े मामलों पर पायलट ने कहा कि यह गंभीर मामला है और इसकी जांच चल रही है। दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।