Advertisement banner

एम्स-दिल्ली में रिसर्च असिस्टेंट सहित कई पदों पर नौकरी का मौका, फटाफट 7 सितंबर तक करें आवेदन

एम्स-दिल्ली

नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। जिस प्रकार हजारों-लाखों की संख्या में युवा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से मेडिकल डिग्री पाने का सपना देखते हैं, ठीक उसी तरह मेडिकल क्षेत्र के पेशेवर भी यहां काम करने की इच्छा रखते हैं। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए यह एक अच्छा मौका है।

दरअसल, एम्स-दिल्ली ने रिसर्च असिस्टेंट (आरए) और फील्ड इन्वेस्टिगेटर (एफआई) के 2-2 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

एम्स-दिल्ली की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन (गूगल फॉर्म) माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 7 सितंबर तक तय है। ऐसे में इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे एम्स-दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना में दिए गए गूगल फॉर्म लिंक के माध्यम से अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले पूरी कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से रिसर्च असिस्टेंट (आरए) पद के लिए साइकोलॉजी/सोशल वर्क/सोशियोलॉजी/एंथ्रोपोलॉजी में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ होनी चाहिए। वहीं, नेट/एमफिल/पीएचडी वाले कैंडिडेट्स को प्राथमिकता दी जाएगी।

फील्ड इन्वेस्टिगेटर (एफआई) पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास साइकोलॉजी/सोशल वर्क/सोशियोलॉजी/एंथ्रोपोलॉजी में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। वहीं, चार वर्ष के ग्रेजुएशन प्रोग्राम वाले कैंडिडेट्स को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा, दोनों पोस्ट के लिए उम्मीदवारों के पास ओड़िया भाषा पढ़ने, लिखने और बोलने में अच्छी पकड़ होनी चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु रिसर्च असिस्टेंट (आरए) पद के लिए 32 वर्ष और फील्ड इन्वेस्टिगेटर (एफआई) पोस्ट के लिए 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 15 सितंबर के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी फील्ड इन्वेस्टिगेटर (एफआई) के लिए 37,000 रुपए और रिसर्च असिस्टेंट (आरए) के लिए 20,000 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि एम्स-दिल्ली की ओर से इन पदों पर नियुक्ति शुरू में 6 माह के लिए होगी, जिसे उम्मीदवारों के परफॉर्मेंस के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है। वहीं, सिर्फ शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को ही ईमेल के जरिए इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम