Advertisement banner

राजस्थान निकाय चुनाव: भाजपा ने जारी किया 'संकल्प पत्र', बड़ी जीत का किया दावा

राजस्थान

जयपुर, 2 सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर भाजपा ने अपना 'संकल्प पत्र' जारी किया है। भाजपा नेताओं ने इसे शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास का रोडमैप बताते हुए दावा किया कि पार्टी की 'ट्रिपल इंजन' सरकार बनने से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को और गति मिलेगी। पार्टी ने प्रदेश के 10 नगर निगम समेत कुल 309 नगर निकायों में बड़ी जीत का दावा किया है।

भाजपा नेता हरीश द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की ओर से नगर निकाय चुनावों के लिए संकल्प पत्र जारी किया गया है। विकसित राजस्थान के लिए हर क्षेत्र का समग्र विकास जरूरी है और स्थानीय निकायों में बीजेपी की जीत से शहरी विकास को और तेजी मिलेगी। केंद्र और राज्य में बीजेपी की सरकार के बाद अब स्थानीय निकायों में भी पार्टी की सरकार बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने इसे 'ट्रिपल इंजन' सरकार बताते हुए कहा कि इससे विकास की रफ्तार बढ़ेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 10 नगर निगम समेत 309 नगर निकायों में अधिकांश सीटों पर मेयर और चेयरमैन बनाने में सफल होगी।

भीलवाड़ा में कांग्रेस के करीब 30 उम्मीदवारों के सिंबल कथित तौर पर समय पर जमा नहीं होने और इसके लिए सरकार पर आरोप लगाए जाने के सवाल पर मदन राठौड़ ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार पर आरोप लगाना उचित नहीं है। उम्मीदवारों को नामांकन के साथ ही सिंबल जमा करने चाहिए थे और समय रहते प्रक्रिया पूरी करने से किसी ने नहीं रोका था। निर्वाचन आयोग स्वतंत्र संस्था है और बीजेपी चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करती। यदि कांग्रेस को लगता है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी हुई है, तो उसे पहले अपने स्तर पर हुई देरी का जवाब देना चाहिए।

मदन राठौड़ ने बताया कि भाजपा के संकल्प पत्र में अगले पांच वर्षों के दौरान स्थानीय निकायों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य कराने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें अंडरपास, ओवरब्रिज, नई सीवरेज लाइन, जल निकासी की व्यवस्था और सड़कों से जुड़ी समस्याओं का समाधान शामिल है। जहां मकानों के पास से बिजली के तार गुजर रहे हैं, वहां तारों को हटाकर केबल लाइन की व्यवस्था करने, जलभराव रोकने और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने पर भी काम किया जाएगा। जरूरत के अनुसार मेट्रो से जुड़े नए प्रोजेक्ट शुरू करने का भी संकल्प पत्र में उल्लेख है।

जोधपुर संभाग को लेकर भाजपा नेता भूपेंद्र सैनी ने कहा कि यह चुनाव मुख्य रूप से वार्ड और कार्यकर्ताओं के स्तर का चुनाव है। पार्टी ने मजबूत कार्यकर्ताओं को टिकट दिए हैं और अब तक संभाग में 13 लोग निर्विरोध निर्वाचित भी हो चुके हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हर वार्ड, गली और मोहल्ले तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन को मजबूत बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में बूथ स्तर तक कार्यकर्ता सक्रिय हैं और आपसी समन्वय के बाद टिकट वितरण किया गया है। जोधपुर संभाग में भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी।

भाजपा नेता मंजू शर्मा ने कहा कि पार्टी ने इस बार घोषणापत्र की जगह 'संकल्प पत्र' नाम दिया है, ताकि जिन वादों और संकल्पों को जनता के सामने रखा गया है, उन्हें पूरा करने की जवाबदेही तय हो। संकल्प पत्र में पुरानी सीवरेज लाइनों को बदलकर नई लाइनें डालने, पेयजल व्यवस्था सुधारने और खराब सड़कों के पुनर्निर्माण का प्रावधान है। इसके अलावा, 24 घंटे बिजली, ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए मेट्रो विस्तार और नए मेडिकल तथा शिक्षा संस्थान स्थापित करने जैसे मुद्दे भी शामिल किए गए हैं।

मंजू शर्मा ने कहा कि बच्चियों की सुविधा के लिए 'पिंक टॉयलेट' बनाने का भी संकल्प लिया गया है। संकल्प पत्र जारी करने के साथ भाजपा सरकार के करीब ढाई साल के विकास कार्यों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।

भीलवाड़ा में कांग्रेस उम्मीदवारों के सिंबल जमा नहीं होने को लेकर सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों पर मंजू शर्मा ने कहा कि विपक्ष अक्सर अपनी गलतियों की जिम्मेदारी सरकार या चुनाव आयोग पर डालता है। चुनाव जीतने पर विपक्ष किसी पर सवाल नहीं उठाता, लेकिन हार की स्थिति में कभी चुनाव आयोग तो कभी मशीन पर आरोप लगाने की राजनीति की जाती है। कांग्रेस के आरोपों से चुनावी प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा और पार्टी विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी।

--आईएएनएस

पीएसके